शिवभक्तों की सेवा में मित्र पुलिस: पैर में सूजन से लाचार दिल्ली निवासी शिवभक्त की मदद को बढ़ाया कंधा, सुरक्षित कराया जलाभिषेक, (देखें वीडियो)..

पंच👊नामा
रुड़की: कांवड़ यात्रा के दौरान जहां लाखों शिवभक्त आस्था की डोर थामे गंगा जल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं, वहीं हर मोर्चे पर मुस्तैद उत्तराखंड पुलिस ‘मित्र पुलिस’ की भूमिका निभाते हुए लगातार मानवीय उदाहरण पेश कर रही है।सोमवार को मंगलौर क्षेत्र में ऐसा ही एक भावुक करने वाला दृश्य सामने आया, जब दिल्ली के रहने वाले दो भोलेभक्तों को पैर में सूजन के कारण जल लेकर आगे बढ़ना मुश्किल हो गया। दोनों ने जब 112 हेल्पलाइन पर सहायता मांगी, तो तुरंत हरकत में आई कोतवाली मंगलौर पुलिस ने बिना देरी किए इंसानियत का फर्ज निभाया।
—————————————-
112 पर आई थी मदद की पुकार….दिल्ली निवासी अक्षय भोले ने सुबह 112 नंबर पर कॉल कर बताया कि वह गुड़मंडी के पास हैं और पैर में गंभीर सूजन के कारण जल लेकर चलने में असमर्थ हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यदि जल वहीं छोड़ दिया जाए, तो अन्य भोलों द्वारा मारपीट किए जाने का भी खतरा है।
—————————————-
कांवड़ व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मी बने सहारा….सूचना मिलते ही कोतवाली मंगलौर पर कांवड़ ड्यूटी में सादे वस्त्रों में तैनात हेड कांस्टेबल राजेश देवरानी और कांस्टेबल रविन्द्र खत्री मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मियों ने 30 लीटर और 10 लीटर जल को अपने कंधों पर उठाकर नारसन चौकी के पास स्थित शिव मंदिर तक पहुंचाया और वहां विधिवत जलाभिषेक कराया।
—————————————-
प्राथमिक उपचार और सकुशल विदाई….जलाभिषेक के बाद पुलिसकर्मियों ने दोनों शिवभक्तों को प्राथमिक उपचार दिलवाया और फिर बस के माध्यम से दिल्ली रवाना किया। सहयोग और समर्पण से अभिभूत दोनों भोलेभक्तों ने हरिद्वार पुलिस की ‘मित्र भावना’ की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।