
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: जनपद हरिद्वार में ऑपरेशन प्रहार के तहत पथरी पुलिस का एक्शन लगातार तेज होता जा रहा है। एक तरफ जहां पांच-पांच हजार के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की, वहीं दूसरी ओर चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो चोरों को दबोचकर चोरी की मोटर, आरा और नगदी भी बरामद कर ली गई। ताबड़तोड़ कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद भर में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों, नशा तस्करों व इनामी अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना पथरी पुलिस ने अलग-अलग मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है।
थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने क्षेत्र में लगातार दबिश अभियान चलाते हुए पहले ग्राम इब्राहिमपुर में हुए झगड़े के मामले में वांछित चल रहे दो इनामी आरोपी फिरोज पुत्र रिफाकत और शौकत पुत्र लियाकत को गिरफ्तार किया। दोनों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था।
वहीं दूसरी कार्रवाई में, खेत से मोटर चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने आमिर पुत्र सलीम और सत्तार पुत्र लियाकत निवासी बादशाहपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की मोटर, एक आरा और ₹8000 नगद बरामद किए गए। दोनों ही मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय रोशनाबाद के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम (इनामी आरोपी गिरफ्तारी)…एसएसआई उपेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, कांस्टेबल सुशील कुमार, कांस्टेबल ब्रह्मदत्त जोशी, कांस्टेबल अजीत तोमर, पुलिस टीम (चोरी का खुलासा).. अपर उपनिरीक्षक मुकेश राणा, कांस्टेबल मुकेश चौहान, कांस्टेबल अनिल पंवार, कांस्टेबल जयपाल चौहान, कांस्टेबल दौलतराम शामिल रहे।



