हरिद्वार

“भगवानपुर में लगा पुलिस का दरबार, अफसरों ने सुनी जनता की पुकार..

एडीजी वी. मुरुगेशन की अध्यक्षता में जनता दरबार, एसएसपी नवनीत सिंह रहे मौजूद; महिला सुरक्षा, नशा और यातायात व्यवस्था पर फोकस..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
भगवानपुर/हरिद्वार; जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को भगवानपुर में पुलिस का जनता दरबार आयोजित किया गया। अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसंवाद कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह सहित जनपद के कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान एडीजी ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जनता दरबार में क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जनता की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने और पीड़ितों को अनावश्यक रूप से परेशान न होने देने पर जोर दिया। इस दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने भी मुकदमों के त्वरित निस्तारण के लिए जनपद पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।महिला अपराधों में त्वरित और सख्त कार्रवाई प्राथमिकता…..
जनसंवाद के दौरान एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में त्वरित और कड़ी कानूनी कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। महिला अपराधों से जुड़े मामलों में लापरवाही न बरतने और शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे की लत कई बार अपराधों को बढ़ावा देने का कारण बनती है। ऐसे में नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ समाज की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। उन्होंने आमजन से नशा तस्करी पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का सहयोग करने की अपील की।स्कूल-कॉलेजों के बाहर हुड़दंग और लापरवाही पर सख्ती के निर्देश….
जनता दरबार के दौरान झबरेड़ा क्षेत्र में स्कूल-कॉलेजों के बाहर दोपहिया और भारी वाहनों को लापरवाही से चलाने व प्रेशर हॉर्न के इस्तेमाल की शिकायत भी सामने आई। एक ग्रामीण की ओर से उठाए गए इस मुद्दे पर एडीजी ने कड़ा रुख अपनाया।उन्होंने संबंधित थाना पुलिस को मामले को गंभीरता से लेते हुए ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाने के स्पष्ट निर्देश दिए। स्कूल-कॉलेजों के आसपास विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।घरों और दुकानों पर सीसीटीवी लगाने की अपील……
अपर पुलिस महानिदेशक ने क्षेत्रवासियों से यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही अपने घरों और दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरी जैसी घटनाओं की रोकथाम और अपराध होने की स्थिति में संदिग्धों की पहचान करने में पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता मिल सकती है।उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, नशा तस्करी या कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्या की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया, मुकदमों के त्वरित निस्तारण पर जोर…..
इस दौरान एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने जनपद पुलिस की ओर से मुकदमों के त्वरित निस्तारण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके निस्तारण के लिए लगातार प्रयासरत है। जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, अपराधों पर प्रभावी अंकुश और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।उन्होंने आमजन से अपील की कि अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, नशा तस्करी या अन्य आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। साथ ही घरों और दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।देहात क्षेत्र के पुलिस अधिकारी रहे मौजूद….
भगवानपुर में आयोजित इस जनता दरबार में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभय सिंह, क्षेत्राधिकारी भगवानपुर, क्षेत्राधिकारी रुड़की, भगवानपुर इंस्पेक्टर रितेश शाह सहित हरिद्वार के देहात क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं को सुनने के साथ ही क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, नशा तस्करी पर रोक और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.
Back to top button
error: Content is protected !!