
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: आगामी वीवीआईपी दौरे को देखते हुए देहरादून पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी है। एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन सत्यापन अभियान में पटेलनगर थाना पुलिस और एलआईयू की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से रह रही दो बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को महिलाओं के मोबाइल से बांग्लादेशी पहचान दस्तावेज मिले हैं, जिसके आधार पर उनकी वास्तविक पहचान की पुष्टि हो गई। दोनों महिलाएं अलग-अलग समय पर अवैध रूप से सीमा पार कर भारत में दाखिल हुई थीं और दिल्ली में मिलने के बाद देहरादून में डेरा जमाए थीं।
टैक्सी ड्राइवर को शादी के बहाने बनाया निशाना…..
गिरफ्तार महिला स्वाति उर्फ मरियम ने दिल्ली में एक टैक्सी चालक धर्मवीर को अपने जाल में फंसाकर शादी कर ली। पुलिस जांच में उसके एक साल की बच्ची होने की जानकारी भी मिली है। वहीं दूसरी महिला शिवली उर्फ जॉली उर्फ सना ने सहारनपुर में एक कारपेंटर सलमान से मिलकर खुद को मॉल में नौकरी करने वाली बताते हुए शादी रचाई थी। उसका 10 माह का बेटा है।
पहले भी कई गिरफ्तारियां…..
एसएसपी अजय सिंह के नेतृत्व में चल रहे ऑपरेशन कालनेमि के तहत अब तक 14 बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। 07 को पुलिस पहले ही डिपोर्ट करा चुकी है। 07 को जेल भेजा जा चुका है। अब दोनों महिलाओं के खिलाफ भी नियम अनुसार निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कप्तान बोले— सुरक्षा के साथ समझौता नहीं
एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि— “देहरादून में कोई भी व्यक्ति संदिग्ध गतिविधि में लिप्त पाया जाता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ”पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को लेकर शहर में चौकसी और सक्रियता की सराहना हो रही है। अभियान आगे भी इसी तत्परता के साथ जारी रहेगा।



