रिलायंस डकैती कांड में दो लाख का इनामी प्रिंस भी गिरफ्तार, बिहार पुलिस की मदद से मिली कामयाबी..
पुलिस कप्तान अजय सिंह ने खुद बिहार जाकर बनाया था समन्वय, मशक्कत के बाद मिली बड़ी कामयाबी..

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: राजधानी के रिलायंस ज्वैलर्स शोरूम में दिनदहाड़े करोड़ों रुपए की डकैती के मामले में देहरादून पुलिस ने आखिरकार 2 लाख रुपए के इनामी बदमाश प्रिंस कुमार को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश को वैशाली बिहार से दबोचा गया है। कार्रवाई में बिहार पुलिस से भी मदद मिली है। प्रिंस के साथी विक्रम और अभिषेक को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जिसके बाद से उस पर दबाव बना हुआ था। देहरादून पुलिस ने आखिरकार बिहार पुलिस के सहयोग से प्रिंस को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे ट्रांजिट डिमांड पर देहरादून लाया जाएगा।
———————————————–
“एसएसपी ने खुद बिहार जाकर बनाया समन्वय…….

एसएसपी देहरादून अजय सिंह लगातार पूरे मामले की खुद मॉनिटरिंग करते आ रहे हैं। पिछले दिनों अभिषेक की गिरफ्तारी के दौरान एसएसपी अजय सिंह वैशाली बिहार में मौजूद रहकर अपनी टीम को लगातार निर्देशित करते रहे।

एसएसपी अजय सिंह ने बिहार जाकर एडीजी एसटीएफ बिहार व एसएसपी वैशाली के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित किया। इनवेस्टिगेशन के दौरान गैंग व बदमाशों के सम्बन्ध में मिल रही महत्वपूर्ण जानकारियों को लगातार बिहार एसटीएफ व बिहार पुलिस के साथ साझा किया जा रहा था।

02-02 लाख का ईनाम घोषित करने के साथ ही दून पुलिस की टीमें बिहार व पश्चिम बंगाल में सम्भावित ठिकानों पर दबिशे देते हुए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

दून पुलिस व बिहार पुलिस के बेहतर आपसी सामंजस्य तथा सूचनाओं के आदान-प्रदान से घटना में शामिल मुख्य बदमाश प्रिंस को वैशाली बिहार से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गयी है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि देहरादून पुलिस की टीम विस्तृत पूछताछ कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर ट्रांजिट रिमाण्ड पर देहरादून लेकर आएगी।