
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: कनखल के मुनि मंडल आश्रम में इन दिनों संत समाज की अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी आनन्द राघव ने आरोप लगाया है कि कुछ संत उनके आश्रम की संपत्ति पर कब्जा जमाने की साजिश रच रहे हैं। इस दौरान कार्यक्रम में तोड़फोड़, अभद्रता और जान से मारने की धमकियां दी गईं। उन्होंने थाना कनखल में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
—————————————-
महंताई कार्यक्रम में हंगामा….12 जुलाई 2025 को मुनि मंडल आश्रम, दक्ष रोड कनखल में महंताई का पट्टाभिषेक समारोह चल रहा था। उदासीन संप्रदाय की परंपरा के तहत संरक्षक, महंत और कोठारी पद पर योग्य संतों का पट्टाभिषेक किया जा रहा था। इसी दौरान सूर्याश मुनि, जयेन्द्र मुनि, महंत गंगादास, महंत चंद्रमादास सहित अन्य संत अपने साथियों के साथ पहुंचे और कार्यक्रम रुकवाने की कोशिश करने लगे। उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकियां दीं और गोली मारने तक की चेतावनी देकर चले गए।
—————————————-
बैठक में अपमान और सामाजिक बहिष्कार का आरोप…..स्वामी आनन्द राघव ने बताया कि 20 अगस्त को राजघाट कनखल स्थित पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन निर्वाण में संत समाज की बैठक में भी विरोधी संतों ने उनके आश्रम के नवनियुक्त संरक्षक महामंडलेश्वर स्वामी शिवानन्द आचार्य को घेरकर अपमानित किया। आरोप है कि कोठारी निरंजनदास ने उन्हें “फर्जी महामंडलेश्वर” कहकर संबोधित किया और महंत शीतलानन्द ने झूठे आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ प्रस्ताव लिखा।
षड्यंत्र और कब्जे का आरोप….
स्वामी आनन्द राघव ने कहा कि उनकी उम्र लगभग 90 वर्ष है और स्वास्थ्य भी खराब रहता है। इसी वजह से कुछ लोग आश्रम की चल-अचल संपत्ति पर कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी शिवानन्द आचार्य को 2013 में प्रयागराज महाकुंभ में महामंडलेश्वर की पदवी दी गई थी और वे देश-विदेश में सनातन धर्म का प्रचार कर रहे हैं। इसके बावजूद उनके खिलाफ झूठा प्रचार किया जा रहा है।
—————————————-
हत्या की आशंका जताई….स्वामी आनन्द राघव ने आशंका जताई कि ये संत कभी भी उन पर, स्वामी शिवानन्द आचार्य पर, कोठारी साध्वी मन्दाकिनी मुनि, डॉ. संतोष मुनि शास्त्री और आश्रम में रहने वाले अन्य शिष्यों पर हमला कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए वही लोग जिम्मेदार होंगे।
—————————————-
पुलिस ने शुरू की जांच…..तहरीर में आरोपित संतों के नाम-पते और मोबाइल नंबर भी दिए गए हैं। स्वामी आनन्द राघव ने आश्रम की सुरक्षा और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कनखल पुलिस ने तहरीर की नकल दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।