हरिद्वार

“होली की छुट्टी पर घर लौटने वाले श्रमिकों को सिडकुल पुलिस का “स्पेशल गिफ्ट”, खोए 140 मोबाइल ढूंढकर लौटाई चेहरों पर मुस्कान..

पुलिस कप्तान नवनीत भुल्लर के निर्देश पर ऑपरेशन रिकवरी के तहत बड़ी सफलता, लोग बोले— थैंक्यू “हरिद्वार पुलिस”

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: होली की छुट्टियों में घर लौटने की तैयारी कर रहे श्रमिकों और स्थानीय लोगों के लिए सिडकुल पुलिस खुशियों का संदेश लेकर आई। लंबे समय से खोए मोबाइल की आस छोड़ चुके 140 लोगों को उनके फोन वापस मिल गए। पुलिस कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर ने सिडकुल थाने में आयोजित कार्यक्रम में खुद पीड़ितों को उनके मोबाइल सौंपे। मोबाइल हाथ में आते ही चेहरों पर मुस्कान लौट आई और लोगों ने खुलकर कहा— “थैंक्यू हरिद्वार पुलिस।”वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन रिकवरी के तहत थाना सिडकुल पुलिस ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई की। सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता के जरिए मोबाइल ट्रेस कर उन्हें बरामद किया गया। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 35 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।इनमें कई मोबाइल सिडकुल की कंपनियों में कार्यरत बाहरी राज्यों से आए श्रमिकों के थे, जो होली पर अपने घर लौटने वाले थे। वहीं कई फोन स्थानीय निवासियों के भी थे। पुलिस ने सभी मोबाइल स्वामियों का सत्यापन कर उन्हें उनके फोन सुपुर्द किए।मोबाइल पाकर श्रमिकों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका फोन वापस मिल पाएगा। पुलिस की इस पहल को उन्होंने होली का सबसे बड़ा तोहफा बताया।थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक देवेंद्र तोमर और हेड कांस्टेबल विवेक यादव ने अभियान को सफल बनाया। इस अवसर पर एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सीओ सदर सुरेंद्र बलूनी मौजूद रहे।हरिद्वार पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को कोई लावारिस मोबाइल फोन मिलता है तो उसे नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में जमा कराएं, ताकि वह उसके असली मालिक तक पहुंच सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!