भ्रष्टाचार, महंगाई और बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ सुराज सेवा दल का जोरदार प्रदर्शन..!
एसपी देहात शेखर सुयाल को सौंपा ज्ञापन..

पंच👊नामा
रुड़की: भ्रष्टाचार, महंगाई, बढ़ते बिजली के दाम, बदहाल स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था, बिगड़ती कानून व्यवस्था और जर्जर सड़कों के खिलाफ सुराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की के कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए एसपी देहात शेखर सुयाल को ज्ञापन सौंपा।
————————————–
“भ्रष्टाचार चरम पर, अधिकारी बेलगाम” – रमेश जोशी….सुराज सेवा दल के अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि भ्रष्टाचार अपने चरम पर है और अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं। आम जनता त्रस्त है और जब कोई अपनी आवाज उठाता है, तो मानहानि और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे दबाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी जनता की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेते और बीसी (ब्लॉक कोऑर्डिनेशन) और मीटिंग का हवाला देकर काम टाल देते हैं।
————————————–
जनता के सब्र का इम्तिहान ना लें प्रशासन….रमेश जोशी ने चेतावनी दी कि अगर भ्रष्ट अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई, तो सुराज सेवा दल उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि जनता अब बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है और सरकार को चाहिए कि वह जल्द से जल्द बेलगाम अधिकारियों पर लगाम लगाए।
————————————–
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता…..इस प्रदर्शन में रमेश जोशी, आतिश मिश्रा, अरविंद, इंतजार, जावेद, इलियास, अभिजीत, सोमपाल, योगेश, सुधीर, गुलशेर समेत दर्जनों कार्यकर्ता शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने ‘भ्रष्टाचार हटाओ, जनता को बचाओ’, ‘जनता पर अत्याचार नहीं सहेंगे’, ‘जवाब दो प्रशासन, कब मिलेगा समाधान?’ जैसे नारे लगाते हुए विरोध जताया।
————————————–
प्रशासन का पक्ष…..प्रदर्शन के बाद, एसपी देहात शेखर सुयाल ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर संवेदनशीलता से विचार किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
————————————–
आगे की रणनीति….सुराज सेवा दल ने साफ कर दिया है कि अगर उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो वह उग्र आंदोलन करेंगे और जिलेभर में बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। संगठन ने जनता से भी अपील की कि वे अपने हक के लिए आगे आएं और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं।