देहरादून

“एलपीजी संकट पर फूटा सुराज सेवा’दल का गुस्सा, मंत्री आवास घेराव, सड़कों पर उतरे सैकड़ों कार्यकर्ता, (देखें वीडियो)..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: प्रदेश में बढ़ती एलपीजी गैस सिलेंडरों की किल्लत, कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ जनाक्रोश अब खुलकर सड़कों पर नजर आने लगा है। शुक्रवार को सुराज सेवा दल के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या के आवास का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। उग्र नारेबाजी के बीच प्रदर्शनकारियों ने सरकार को साफ चेतावनी दी कि यदि हालात नहीं सुधरे तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। रमेश जोशी ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में खड़ा हुआ एलपीजी संकट किसी प्राकृतिक कारण का परिणाम नहीं, बल्कि सरकार की नीतिगत विफलता और प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता गैस सिलेंडर के लिए भटक रही है, जबकि सत्ता के संरक्षण में कालाबाजारी और जमाखोरी का खेल बेखौफ जारी है।प्रदेश महामंत्री देवेन्द्र सिंह बिष्ट ने सरकार से जवाब तलब करते हुए कहा कि आखिर किन लोगों के संरक्षण में यह बड़ा खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि बिना मिलीभगत के इतनी बड़ी कालाबाजारी संभव नहीं है। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि दोषियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो सुराज सेवा दल इस मुद्दे को गांव-गांव और शहर-शहर तक ले जाकर व्यापक जनआंदोलन खड़ा करेगा।जिला अध्यक्ष सुमित अग्रवाल ने गैस एजेंसियों की मनमानी पर सवाल उठाते हुए कहा कि हालात ऐसे हो चुके हैं कि आम उपभोक्ता पूरी तरह असहाय हो गया है। प्रशासन की चुप्पी इस भ्रष्ट तंत्र को और मजबूती दे रही है। उन्होंने मांग की कि तत्काल जांच कर दोषियों के लाइसेंस निरस्त किए जाएं, अन्यथा आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि यह केवल गैस की किल्लत का मामला नहीं, बल्कि सरकार की नीयत और जवाबदेही का सवाल है। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक हर घर तक समय पर और उचित मूल्य पर गैस नहीं पहुंचेगी, तब तक संगठन का संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान संगठन की ओर से मंत्री आवास पर ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने, कालाबाजारी व जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई करने और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग उठाई गई।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी, प्रदेश महामंत्री देवेन्द्र सिंह बिष्ट, प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र पाल सिंह, जिला अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, हिमांशु धामी, राजेश थापा, यश, कावेरी जोशी, अमित अग्रवाल, सागर वर्मा, पूजा बिष्ट, पूजा नेगी, गीता तोमर, दिव्यांश बिष्ट, इरसाद, मोनू सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!