यात्रा सीजन में चौबीस घंटे अलर्ट मोड पर रहना जरूरी: चौबे
पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने किया चमोली कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश..

पंच👊नामा-ब्यूरो
चमोली: यात्रा सीजन शुरू होने वाला है। इसके अलावा पर्यटक भी आना शुरू हो गए हैं। इसलिए पुलिसकर्मियों को पूरी सजगता के साथ ड्यूटी करना है। किसी भी चुनौती एवं परिस्थिति से लड़ने के लिए अलर्ट होना जरूरी है। सभी उपकरण दुरुस्त रहे। यात्रा सीजन में जाम बड़ी समस्या होती है। जाम ना लगे इसका सभी को ध्यान रखना होगा। यह बात पुलिस अधीक्षक चमोली श्वेता चौबे ने कोतवाली चमोली के निरीक्षण के दौरान कही। मंगलवार को कोतवाली चमोली पहुंची कप्तान श्रीमती श्वेता चौबे ने सबसे पहले सलामी गार्द का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने पूरी कोतवाली का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से विभिन्न शस्त्रों के संचालन के संबंध में जानकारी ली। साथ ही आपदा के दौरान शुरू किए जाने वाले अभियान की तैयारियों को जांचा-परखा। उन्होंने कहा कि जिनते भी शिकायती पत्र कोतवाली में आते हैं उनका समयबद्ध ढंग से निस्तारण किया जाए। कम्यूनिटी पुलिस पर जोर देखते हुए उन्होंने कहा कि तमाम अभियान में जन सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन शुरू होने में अब कुछ दिन शेष रह गए हैं। इसलिए सभी तैयारियां समय से पूरी हो जानी चाहिए। यात्रा मार्गों से अतिक्रमण को हटाया जाए। साथ ही लंबित मामलों का निस्तारण किया जाए। भोजनालय का निरीक्षण करते हुए भोजनालय में साफ सुथरे बर्तनों का उपयोग करने, साप्ताहिक मेनू में पहाड़ी व्यंजन को अवश्य शामिल किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक चमोली धन सिंह तोमर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विजय भारती, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश सिंह आदि मौजूद रहे।