सीओ सिटी ने जनप्रतिनिधियों संग की बैठक, श्यामपुर थाने का मुआयना कर दिए निर्देश..
यातायात नियम, कानून व्यवस्था में आमजन से मांगा सहयोग, थाने की व्यवस्थाओं पर जताया संतोष..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: क्षेत्राधिकारी नगर जूही मनराल ने थाना श्यामपुर का छमाही निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साफ सफाई से लेकर दस्तावेजों व मालखाना के रखरखाव पर संतोष जताया। निरीक्षण के बाद थाना क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों के साथ आयोजित गोष्ठी में उन्होंने यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा की।
सीओ सिटी जूही मनराल ने थाना श्यामपुर के निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, मालखाना, भोजनालय, कर्मचारी बैरक और थाना परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को शस्त्र अभ्यास कराया गया और शस्त्र खोलने-बंद करने की प्रक्रिया की जांच की गई।
सीओ सिटी ने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस, और मालखाना संबंधित रजिस्टरों का बारीकी से अवलोकन किया। लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों को समय पर निस्तारित करने के लिए थाना प्रभारी नितेश शर्मा और अन्य पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यों को व्यवस्थित और समयबद्ध रूप से पूरा करने की बात पर जोर दिया। निरीक्षण के बाद, सीओ सिटी ने थाना क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, सीएलजी मेंबर्स, एसपीओ, और क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों के साथ गोष्ठी का आयोजन किया।
इस अवसर पर उन्होंने यातायात नियमों का पालन, साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा और नशा उन्मूलन जैसे सामाजिक विषयों पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
———————————–
यातायात नियमों का पालन….सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर चर्चा की। साइबर सुरक्षा के महत्व और ठगी से बचने के उपायों पर जानकारी दी। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर दिया। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास की अपील की गई।
सीओ सिटी जूही मनराल ने थानाध्यक्ष नितेश शर्मा व पूरी टीम को बेहतर काम के लिए प्रोत्साहित किया और जनता के साथ सहयोग बढ़ाने की सलाह दी। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और हर प्रकार की आपराधिक गतिविधियों की जानकारी समय पर साझा करें।