“भावुक माहौल में शिक्षिका खुर्शीद जहां को दी गई विदाई, पुंवारका ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय में सादगीपूर्ण समारोह, स्टाफ ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं..

पंच👊नामा-ब्यूरो
सहारनपुर: जनपद के पुंवारका ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय में सेवानिवृत्त शिक्षिका मोहतरमा खुर्शीद जहां के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह भावुक पलों के बीच संपन्न हुआ। करीब ढाई दशक से अधिक के अपने शैक्षिक सेवाकाल के दौरान विद्यालय और विद्यार्थियों के जीवन में अमिट छाप छोड़ने वाली खुर्शीद जहां को 31 मार्च को सेवानिवृत्ति के अवसर पर पूरे सम्मान के साथ विदाई दी गई।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सहकर्मियों ने उनके समर्पण, अनुशासन और शिक्षा के प्रति निष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी, बल्कि उनमें संस्कार और नैतिक मूल्यों का भी विकास किया।
वक्ताओं ने कहा कि खुर्शीद जहां का सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और कर्तव्यनिष्ठा सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। उनके मार्गदर्शन में कई पीढ़ियां शिक्षित होकर समाज में अपना स्थान बना चुकी हैं। समारोह के दौरान जब सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए पलों को साझा किया तो माहौल भावुक हो उठा और कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
अपने संबोधन में खुर्शीद जहां ने विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पूरे सेवाकाल में सभी का भरपूर सहयोग और स्नेह मिला। उन्होंने सेवानिवृत्ति को जीवन की नई शुरुआत बताते हुए आगे भी शिक्षा और समाज सेवा से जुड़े रहने की इच्छा जताई। कार्यक्रम का समापन उनके सुखद, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना के साथ भावभीनी विदाई देकर किया गया।



