
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: ज्वालापुर की राजलोक कॉलोनी में घर लौट रहे किशोर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। विवाद बढ़ने पर मौके पर पहुंची उसकी मां को भी आरोपियों ने पीट दिया।
पूरी घटना का वीडियो किसी ने बना लिया, जो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
राजलोक कॉलोनी निवासी मोनिका यादव ने बताया कि उनका बेटा अमन 26 अक्तूबर की रात करीब दस बजे मार्ट से घर लौट रहा था।
इसी दौरान टोनी चौहान, नमन चौहान, सन्नी चौहान, विक्की चौहान, मन्नू चौहान और टोनी की पत्नी ने उसे रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। अमन ने फोन कर मां को सूचना दी।
मोनिका के पहुंचते ही आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। आरोप है कि नमन ने तमंचे से धमकाया। धक्का लगने पर वह गिर पड़ीं और कुछ देर के लिए बेहोश हो गईं। अमन को भी गंभीर चोटें आईं और उसकी चेन गायब हो गई।
पीड़िता ने बताया कि 10 सितंबर को भी उन्हीं लोगों ने अमन के साथ मारपीट की थी, तब मामला शांत करा दिया गया था। लेकिन अब फिर जानलेवा हमला किया गया। घटना का वीडियो वायरल होने से लोगों में भी रोष है।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।



