
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: कनखल क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाले हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। घर के बाहर खेल रही 10 वर्षीय मासूम रिया चौहान को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। अस्पताल ले जाते समय ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।
शीतला विहार कॉलोनी मिस्सरपुर निवासी देवेंद्र चौहान की बेटी रिया रोज की तरह घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक कार अचानक अनियंत्रित होकर रिया से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची उछलकर दूर जा गिरी और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोग उसे तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने रिया को मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजन बेसुध होकर मातम में डूब गए और पूरे घर में चीख-पुकार मच गई। कॉलोनी में भी गम और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही कनखल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मनोहर सिंह रावत ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



