
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: कनखल थाना क्षेत्र से एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बीते दिन सुबह करीब 10:30 बजे ठोकर नम्बर-10, बैरागी कैम्प निवासी विनोद सोलंकी की तीन वर्षीय पुत्री कुमारी राधिका का एक महिला और एक पुरुष द्वारा कथित रूप से अपहरण कर लिया गया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज में एक महिला और एक व्यक्ति मासूम बच्ची को गोद में लेकर एक टेम्पो की ओर जाते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल बच्ची की तलाश शुरू कर दी गई।
इस संबंध में थाना कनखल में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की पहचान और मासूम की सकुशल बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को बच्ची या फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध महिला और पुरुष के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि बच्ची को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जा सके।



