
पंच👊नामा
रुड़की; पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए कभी मास्क बदला, कभी कपड़े और कभी अपना हेयर स्टाइल, लेकिन शातिर वाहन चोरों की यह चालाकी आखिरकार झबरेड़ा पुलिस के सामने टिक नहीं सकी। करीब 500 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने वाहन चोरी के बड़े गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर कुल 19 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। दोनों आरोपी उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और पूर्व में हुई वारदातों के खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में झबरेड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। बीती 17 अगस्त को ग्राम बिझोली निवासी आस मोहम्मद ने ग्राम लाठदेवा शेख क्षेत्र से अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था।
प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले की गहन जांच शुरू की और घटनास्थल के साथ-साथ संभावित मार्गों पर लगे करीब 500 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए बार-बार मास्क, कपड़े और हेयर स्टाइल बदलते थे, जिससे उनकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।
पुलिस टीम ने आखिरकार आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी और फाजिलपुर चौराहे के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर दोनों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दबोच लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से 18 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस तरह पुलिस के हाथ कुल 19 बाइकों का बड़ा जखीरा लगा है।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बरामद कुछ मोटरसाइकिलों को झबरेड़ा, नगर हरिद्वार, रुड़की और सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया है। अन्य बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में संबंधित जनपदों और थाना क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरमान पुत्र मुज्जमिल निवासी तेलीवाला, कोतवाली गंगनहर, हरिद्वार व मोनू पुत्र महेंद्र निवासी बरशेर सिकंदरपुर, थाना सिरौली, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी शक्ति विहार, रेलवे स्टेशन के पास, गंगनहर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में वाहन चोरी सहित कई मुकदमे दर्ज हैं।
वाहन चोरों को दबोचने वाली पुलिस टीम…..
इस सफलता को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतेन्द्र भण्डारी, उपनिरीक्षक नीरज रावत, अपर उपनिरीक्षक गिरीश सिंह, हेड कांस्टेबल रामवीर, हेड कांस्टेबल गजपाल, हेड कांस्टेबल मोहन खोलिया और कांस्टेबल मनीष चौहान शामिल रहे।



