
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: एक लुटेरी दुल्हन हरिद्वार के एक तीर्थ पुरोहित को लाखों का चूना लगाकर फरार हो गई। लड़की को अनाथ बताकर डेढ़ महीने पहले ही तीर्थ पुरोहित से उसकी शादी कराई गई थी। अब युवक के परिजन भी अपने स्तर से युवती की तलाश में जुटे हैं।
ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के सराय रोड पर रहने वाला एक युवक तीर्थ पुरोहित का कार्य करता है। दो माह पहले पड़ोस में रहने वाले किसी व्यक्ति ने उसके लिए एक लड़की का रिश्ता बताया था। जिसके बाद देख-दिखावा हो गया। उस समय लड़की के साथ आए बुआ-फूफा ने उसे अनाथ बताया था। इसके बाद ज्वालापुर रामलीला ग्राउंड में छह जुलाई को शादी भी हो गई। तब से दुल्हन अपनी ससुराल ने रह रही थी। मगर बुधवार को दुल्हन अचानक से गायब हो गई। घर में दुल्हन के ना मिलने पर दुल्हन के पति व अन्य ससुराल वालों ने उसकी तलाश शुरू की। मगर उसका कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद ससुरालियों ने दुल्हन को उपहार में दिए गए जेवर भी देखे तो जेवर अलमारी से गायब मिले। इस पर ससुरालियों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। ज्वालापुर कोतवाल आरके सकलानी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद दुल्हन की तलाश की जा रही है।