“शंकराचार्य से अभद्रता के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कराया मुंडन..
माघ मेले की घटना को बताया ब्राह्मण समाज का अपमान, चंद्राचार्य चौक पर जताया विरोध..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। प्रयागराज माघ मेले में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्यों के साथ हुई अभद्रता के विरोध में कांग्रेस के पूर्व सभासद अशोक शर्मा और अन्य कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मुंडन कराकर रोष जताया। चंद्राचार्य चौक पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व सभासद अशोक शर्मा सहित कई कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से अपना मुंडन कराया।
कार्यक्रम में अशोक शर्मा के साथ रणवीर शर्मा और मुकेश ने भी मुंडन कर विरोध दर्ज कराया। इस मौके पर अशोक शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार ब्राह्मण समाज का अपमान कर रही है। प्रयागराज में एक बटुक ब्राह्मण की शिखा खींचे जाने की घटना बेहद निंदनीय है। शिखा ब्राह्मण की पहचान होती है और उस पहचान पर हमला किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ब्राह्मणों की पहचान मिटाना चाहती है, जिसके खिलाफ पूरे समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।
उत्तराखंड ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पदम प्रकाश शर्मा और श्री परशुराम अखाड़ा के अध्यक्ष अधीर कौशिक ने कहा कि जिस दिन ब्राह्मण समाज जागृत हो गया, उस दिन यह अहंकारी सरकार बदल जाएगी। शंकराचार्य के साथ अभद्रता और ब्राह्मणों के साथ मारपीट कर सरकार आखिर क्या संदेश देना चाहती है।
अनुसूचित विभाग के जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि और पार्षद सुनील कुमार ने कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव पूजनीय रहा है। उनका अपमान किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों के अपमान के बाद भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।
कार्यक्रम में पार्षद सोहित सेठी, हिमांशु गुप्ता, पूर्व पार्षद नेपाल सिंह, एमडी शर्मा, सोम त्यागी, प्रेम शर्मा, रवि बाबू शर्मा, अखिल त्यागी, ऋषभ वशिष्ठ, तरुण व्यास, पुनीत कुमार, मनोज सैनी, नकुल माहेश्वरी, आशु भारद्वाज, सार्थक ठाकुर, अमन शर्मा, यश शर्मा, दिव्यांश अग्रवाल, अनिल भास्कर, नीटू शर्मा, आशु श्रीवास्तव, लक्की महाजन, नासिर गौड, रिंकू शर्मा, अमित रस्तोगी, समर्थ अग्रवाल, मनोज जाटव, सागर बेनीवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।



