“धामी सरकार के फैसलों से मजबूत हुआ सुशासन, देशभर में जा रहा सकारात्मक संदेश: दयाशंकर सिंह
हरिद्वार में यूपी के परिवहन राज्यमंत्री का आगमन, वेद मंदिर आश्रम में हुआ भव्य स्वागत..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लिए जा रहे साहसिक और जनहितकारी निर्णयों का सकारात्मक संदेश पूरे देश में पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि इन फैसलों से सुशासन की छवि और अधिक सशक्त हुई है। गुरुवार को हरिद्वार स्थित वेद मंदिर आश्रम पहुंचने पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने गुलदस्ता भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर दयाशंकर सिंह ने मुख्यमंत्री धामी को दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता बताते हुए कहा कि नकल विरोधी कानून, सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, विवाह, तलाक और विरासत जैसे विषयों पर समान नागरिक संहिता लागू करने तथा उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई जैसे निर्णयों से जनता का शासन पर विश्वास बढ़ा है। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग, ओवर स्पीडिंग से बचाव और शराब पीकर वाहन न चलाने की आदत सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक कम कर सकती है।
स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रयासों से उत्तर प्रदेश की यातायात व्यवस्था में निरंतर सुधार हो रहा है। उन्होंने प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों की भी जानकारी दी। इस मौके पर जिला पंचायत चेयरमैन किरण चौधरी, उपाध्यक्ष अमित चौहान, भाजपा के ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष लोकेश पाल, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष यशवीर चौधरी, विशेष चौहान, उप प्रमुख धर्मेंद्र प्रधान, शुभम चौधरी, अंकित चौहान, सचिन चौहान, सरदार करण सिंह आदि शामिल हुए।



