
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में चापड़ लहराकर डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों में दहशत फैलाने वाले युवक को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। छोटे भाई के अस्पताल में हुए विवाद की खबर सुनकर आरोपी कथित तौर पर शराब के नशे में चापड़ लेकर वहां पहुंचा था। आरोप है कि उसने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों और अन्य लोगों को डराया-धमकाया और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। पुलिस ने आरोपी को घटना में इस्तेमाल चापड़ के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें लूट और हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद कोतवाली नगर पुलिस ने अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपी की पहचान की और तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार, को कोतवाली क्षेत्र से रौनक मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल चापड़ बरामद होने के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी बढ़ा दी गई।
पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी विभाग की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. शोभा ने कोतवाली नगर में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति हाथ में चापड़ लेकर इमरजेंसी वार्ड में घुस आया और उसे लहराते हुए ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ तथा सुरक्षाकर्मियों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा किया। इस दौरान सरकारी कार्य में भी बाधा पहुंचाई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन उसके छोटे भाई का दून अस्पताल में कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया था। इसकी जानकारी मिलने पर वह शराब के नशे में चापड़ लेकर अस्पताल पहुंच गया और वहां मौजूद डॉक्टरों व अन्य लोगों को डराने-धमकाने लगा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और कार्रवाई के दौरान घटना में इस्तेमाल चापड़ बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रौनक मल्होत्रा (29 वर्ष), पुत्र रनवीर मल्होत्रा, निवासी सी/ओ किशनराज, सिरमौर मार्ग, लेन नंबर-6, चौकी बिंदाल, थाना कैंट, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ कोतवाली नगर और डालनवाला थानों में लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल…..
आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक मयंक ममगाईं, कांस्टेबल अरविंद, कांस्टेबल मान सिंह, कांस्टेबल लोकेन्द्र, हेड कांस्टेबल किरण कुमार (एसओजी) व पीआरडी प्रदीप कुमार शामिल रहे।



