देहरादून

“इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ की पुलिसिंग ने हमेशा बुलंद किया उत्तराखंड पुलिस का इक़बाल, फिर तैनाती के आदेश में क्यों हुआ बदलाव? लोग पूछ रहे सवाल..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई हो तो पुलिस का इकबाल बुलंद होता है और आमजन के मन में कानून के प्रति सम्मान और भरोसा पैदा होता है। लोगों को लगता है कि कानून की नजर में सभी बराबर हैं, चाहे अपराध करने वाला किसी भी संगठन या रसूख से जुड़ा हो। देहरादून के पटेलनगर कोतवाली प्रभारी रहे इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ ने कुछ ऐसा ही संदेश दिया। 14 लाख रुपये की दिनदहाड़े डकैती का पर्दाफाश करने से लेकर विरोध के बावजूद आरोपितों पर कार्रवाई तक उन्होंने कानून के दायरे में अपनी जिम्मेदारी निभाई। लेकिन विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हुए पुलिस इंस्पेक्टरों के तबादलों में उनका नाम सामने आया तो घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया। पहले देहरादून से हरिद्वार भेजा गया और अगले ही दिन संशोधित आदेश में हरिद्वार के बजाय टिहरी तैनाती कर दी गई। अब एक के बाद एक बदले गए इन आदेशों ने महकमे में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

14 लाख की डकैती का पर्दाफाश, विरोध के बावजूद निष्पक्ष कार्रवाई…..
पिछले दिनों देहरादून में दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज में 14 लाख रुपये की डकैती हुई थी। पटेलनगर पुलिस ने जांच के बाद वारदात का पर्दाफाश करते हुए कई आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें बजरंग दल से जुड़ा युवा नेता सिद्धांत बड़ोनी भी शामिल था। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य मजबूत सबूत के आधार पर गिरफ्तारी के बावजूद हिंदू संगठनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और नरेश राठौड़ निशाने पर आ गए। वहीं, पुलिस की कार्रवाई के समर्थन में भी बड़ी संख्या में लोग सामने आए। लेकिन इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ न विरोध के आगे झुके और न समर्थन पर कोई टिप्पणी की।

गुड वर्क से पुलिस का इकबाल बुलंद करने वाले अधिकारी…..
नरेश राठौड़ की पहचान उत्तराखंड पुलिस के एक ईमानदार, कर्मठ और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी के रूप में रही है। उनकी कार्यशैली में अपराध के खिलाफ कार्रवाई को प्राथमिकता देना शामिल रहा है। उनके नेतृत्व में होने वाले गुड वर्क से न केवल पुलिस का इकबाल बुलंद होता है, बल्कि आमजन के मन में भी कानून के प्रति सम्मान पैदा होता है। पटेलनगर डकैती प्रकरण में कार्रवाई के बाद लोगों के बीच यही संदेश गया कि कानून सबके लिए बराबर है और अपराध करने वाले की पहचान या संगठन उसके खिलाफ कार्रवाई में बाधा नहीं बन सकता। पुलिसिंग का यही तरीका जनता का भरोसा मजबूत करता है।

पहले हरिद्वार, फिर टिहरी… आखिर क्यों बदला आदेश..?
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में इंस्पेक्टरों के अंतर्जनपदीय तबादले किए गए हैं। इसी क्रम में नरेश राठौड़ को पहले हरिद्वार भेजा गया, लेकिन अगले ही दिन संशोधित आदेश में उनकी तैनाती टिहरी कर दी गई। एक अधिकारी के तबादले में इतनी जल्दी बदलाव ने सवाल खड़े किए हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटनाक्रम को लेकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। चर्चा यह है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर पुलिस का मान बढ़ाने वाले अधिकारी को आखिर एक के बाद एक तबादलों का सामना क्यों करना पड़ा?
बेशक, तबादले प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं, लेकिन ऐसे फैसलों से अन्य अधिकारियों का मनोबल भी टूटता है।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button