पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; दून में करीब 17 साल पहले ओएनजीसी के महाप्रबंधक के घर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था। परिवार के सदस्यों को घातक हथियारों से घायल कर घर में लूटपाट करने वाले पांच बदमाशों में से चार को पुलिस ने कुछ ही दिनों में गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन पांचवां आरोपी शौकत अली पुलिस के हाथ नहीं आया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदलता रहा। आखिरकार उत्तराखंड एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल में दबिश देकर उसे दबोच लिया। आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
एसटीएफ कप्तान अजय सिंह के निर्देश पर प्रदेशभर में वांछित और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे शातिर अपराधी की तलाश में लगातार सूचनाएं जुटाईं। मैनुअल पुलिसिंग और प्रभावी सुरागरसी के बाद आखिरकार उसकी लोकेशन पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में मिली।
इंस्पेक्टर अबुल कलाम के नेतृत्व में गठित एसटीएफ टीम ने दून पुलिस के साथ मिलकर पश्चिम बंगाल के थाना भाटपाड़ा क्षेत्र में दबिश दी और 54 वर्षीय शौकत अली पुत्र लतीफ निवासी अहमदनगर, थाना देहली गेट, मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर पश्चिम बंगाल में रह रहा था और वहां टाइल्स पत्थर लगाने का काम कर रहा था। पुलिस से बचने के लिए वह मेरठ से फरार होने के बाद दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा।
2009 में ओएनजीसी महाप्रबंधक के घर बोला था धावा…..
पुलिस के मुताबिक, 23 जुलाई 2009 को ओएनजीसी के महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा निवासी फेस-2, वसंत विहार, देहरादून ने थाना वसंत विहार में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि पांच अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने उनके घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और उन्हें घातक हथियारों से घायल करते हुए लूटपाट की। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान घटना में राशिद उर्फ राकीब, बबलू, इमरान, समद और शौकत अली की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस ने छह अगस्त 2009 को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि शौकत अली घटना के बाद से ही फरार हो गया था। लगातार गिरफ्तारी से बचने पर तत्कालीन एसएसपी देहरादून ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड ने इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी थी।
मेरठ से लेकर उत्तराखंड तक संगीन अपराधों का लंबा रिकॉर्ड….
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शौकत अली का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत संगीन धाराओं में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 1991 से ही उसका आपराधिक गतिविधियों में शामिल होना सामने आया है। मेरठ के देहली गेट थाने में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, हत्या, रंगदारी और अवैध हथियार रखने जैसे मामले दर्ज हैं। वहीं हल्द्वानी कोतवाली में भी डकैती और अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका…..
इस कार्रवाई में एसटीएफ टीम से निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक हितेश कुमार, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, देवेंद्र ममगाईं, वीरेंद्र नौटियाल, बिजेंद्र चौहान, कांस्टेबल अनिल कुमार और मोहन असवाल शामिल रहे। वहीं थाना वसंत विहार पुलिस की ओर से थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अमित कुमार शर्मा और अपर उपनिरीक्षक गंभीर सिंह ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



