
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; पथरी थाना क्षेत्र के शिवगढ़ गांव में प्रेमी युगल के मामले को लेकर बुलाई गई पंचायत में सहायक समाज कल्याण अधिकारी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि पंचायत के दौरान अंकुश ने अधिकारी को पकड़ लिया, जिसके बाद धर्मेंद्र, अमरपाल और वेदपाल राणा ने उन पर चाकू से वार किए। गर्दन और दाएं कंधे पर चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से पंचायत में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार शिवगढ़ निवासी कमलेश पौड़ी गढ़वाल जिले के विकासखंड जहरीखाल में सहायक समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात हैं। इन दिनों वह छुट्टी लेकर गांव आए हुए थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनके परिवार का एक युवक प्रेम प्रसंग के चलते गांव की युवती को लेकर घर से चला गया था। बाद में दोनों ने शादी कर ली। बताया गया कि प्रेमी युगल को उच्च न्यायालय से सुरक्षा के आदेश भी मिले हुए हैं।
इस मामले को लेकर युवती पक्ष के कुछ ग्रामीण नाराज थे। इसी के चलते गांव में पंचायत बुलाई गई, जिसमें कमलेश भी मौजूद थे। आरोप है कि पंचायत के दौरान अंकुश ने कमलेश को पकड़ लिया और धर्मेंद्र, अमरपाल और वेदपाल राणा ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में कमलेश की गर्दन और दाएं कंधे पर चोट आई।
घायल कमलेश को मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया। पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



