“हरिद्वार से 13 इंस्पेक्टरों की विदाई, दूसरे जिलों में मिली नई तैनाती..
दूसरे जिलों से निरीक्षकों की आमद के बाद जिले के आधे से ज्यादा थानों और कोतवालियों में होगा फेरबदल, नई तैनाती के लिए 13 निरीक्षक हुए रवाना..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; पुलिस मुख्यालय के स्थानांतरण आदेश के बाद हरिद्वार पुलिस में तैनात 13 निरीक्षक सोमवार को जिले से विदा हो गए। इन निरीक्षकों को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में नई तैनाती मिली है। इनके जाने के बाद अब हरिद्वार में दूसरे जिलों से स्थानांतरित होकर आने वाले निरीक्षकों की आमद का इंतजार है। नए निरीक्षकों के कार्यभार संभालने के बाद जिले के आधे से ज्यादा थानों और कोतवालियों में फेरबदल होना तय माना जा रहा है। ऐसे में पुलिस महकमे में आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिल सकता है।
स्थानांतरण पर रवाना होने से पहले सोमवार को पुलिस के कैंप कार्यालय में विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने स्थानांतरित निरीक्षकों से मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। एसएसपी ने निरीक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नई तैनाती पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई।
इन जिलों में हुआ स्थानांतरण…..
हरिद्वार से रुद्रप्रयाग के लिए निरीक्षक राम किशोर सकलानी और गोविंद कुमार को भेजा गया है। चमोली में नरेंद्र सिंह बिष्ट, टिहरी में मनीष उपाध्याय और प्रदीप बिष्ट तथा उत्तरकाशी में दिग्पाल कोहली, देवेंद्र सिंह रावत और जहांगीर अली को नई तैनाती मिली है। वहीं, देहरादून के लिए निरीक्षक मनोहर सिंह, शांति कुमार, कमल मोहन सिंह, वीरेंद्र चंद्र रमोला और कुंदन सिंह राणा का स्थानांतरण हुआ है।



