“हींग लगे न फिटकरी, रंग चोखा! फर्जी खादिमों की ऐश, अकीदतमंदों की जेब ढीली; कार्रवाई के नाम पर सन्नाटा.!
दरगाह साबिर पाक के नाम पर बाहर तक चल रहा कथित वीआईपी ट्रीटमेंट का खेल, रहने-खाने से लेकर आने-जाने तक का खर्च उठा रहे जायरीन; आखिर किसके संरक्षण में फल-फूल रहा फर्जी खादिमों का सिंडिकेट.?

पंच👊नामा
पिरान कलियर; दरगाह साबिर पाक में फर्जी खादिमों को लेकर लगातार सामने आ रही खबरों और सवालों के बीच एक बात समझ से परे है। आखिर कार्रवाई के नाम पर अब तक सिर्फ चर्चाएं ही क्यों हैं? कथित फर्जी खादिमों का कुनबा लगातार बढ़ने की बातें सामने आ रही हैं, लेकिन इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कितनी हुई, यह अपने आप में बड़ा सवाल है। हालात ऐसे हैं कि एक तरफ जायरीनों की आस्था है और दूसरी तरफ उसी आस्था के नाम पर कथित तौर पर वीआईपी मेहमाननवाजी का कारोबार फलने-फूलने की शिकायतें।
बताया जाता है कि दरगाह साबिर पाक के नाम से कुछ लोग बाहर जाकर जायरीनों के बीच खुद को खादिम बताकर पेश करते हैं। आस्थावान जायरीन उन्हें साबिर पाक का खादिम समझकर सिर आंखों पर बैठाते हैं। फिर शुरू होता है मेहमाननवाजी का सिलसिला। आने-जाने का खर्च, रहने और खाने-पीने की व्यवस्था, खातिरदारी और आखिर में नजराना भी। यानी कथित खादिम की पूरी मौज और खर्च उठाने वाला अकीदतमंद! जायरीन तो इसे खिदमत और अकीदत समझकर करते हैं, लेकिन यदि इस भरोसे का इस्तेमाल निजी फायदे के लिए हो रहा है तो इससे बड़ा अफसोस क्या होगा?
फर्जी खादिमों की लाइफस्टाइल देखकर बढ़ रहा कुनबा…..?
चर्चाएं तो यहां तक हैं कि कुछ नए चेहरे भी इस कथित धंधे में उतर आए हैं। पुराने चेहरों की ठाठ-बाट और मेहमाननवाजी देखकर नए लोगों को भी इस रास्ते में कमाई का आसान जरिया नजर आने लगा है। हींग लगे न फिटकरी, रंग भी चोखा! न कोई खास निवेश, न कोई जवाबदेही और ऊपर से जायरीनों की मेहमाननवाजी अलग। हालांकि इस कथित नेटवर्क में रकम के लेन-देन और किसी को हिस्सा पहुंचाने जैसी चर्चाओं की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है, लेकिन यदि ऐसी बातें बाजार में तैर रही हैं तो जिम्मेदारों को इनकी जांच से परहेज क्यों होना चाहिए?
नीम हकीम खतरा-ए-जान, मगर यहां तो खादिम बनने की होड़….!
कुछ नए कथित खादिमों की गतिविधियों को देखकर तो यही कहावत याद आती है—नीम हकीम खतरा-ए-जान। दरगाह से जुड़ी धार्मिक परंपराओं, रस्मों और खिदमत की जानकारी कितनी है, यह अलग विषय है, लेकिन जायरीनों के बीच अपनी पहचान और प्रभाव जमाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही। सवाल यह है कि आखिर कौन तय करेगा कि कौन वास्तविक खादिम है और कौन सिर्फ खादिम होने का चोला पहनकर जायरीनों के बीच अपनी दुकान चला रहा है?
लंगर, महंगी चादरें और सोशल मीडिया की दिखावटी खिदमत…..!
मामला सिर्फ जायरीनों से कथित तौर पर नजराना लेने या उनकी मेहमाननवाजी तक सीमित नहीं बताया जा रहा। दरगाह शरीफ में लंगर कराने, महंगी चादरों की दस्तारबंदी कराने और सोशल मीडिया पर खिदमत के नाम पर तस्वीरें व वीडियो प्रसारित करने का सिलसिला भी चर्चा में है। इन गतिविधियों के जरिए कुछ लोग जायरीनों के बीच अपनी पहचान और रसूख स्थापित करते हैं। फिर उसी पहचान के सहारे उन्हें दरगाह तक बुलाने और अपने प्रभाव में लेने की कोशिशों के आरोप भी उठ रहे हैं।
खिदमत करना अच्छी बात है, लंगर कराना पुण्य का काम है और चादर पेश करना अकीदत का हिस्सा। मगर सवाल तब उठता है जब इन धार्मिक गतिविधियों को किसी की निजी पहचान चमकाने और जायरीनों को प्रभावित करने का जरिया बना दिया जाए। आखिर असली खिदमत और दिखावटी खिदमत के बीच लकीर कौन खींचेगा?
चंद कदम पर कोतवाली, फिर भी कथित लूट तंत्र बेखौफ……?
सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि दरगाह के बेहद करीब कोतवाली मौजूद है। पुलिस की पहुंच और निगरानी से यह इलाका अछूता भी नहीं है। इसके बावजूद यदि जायरीनों को खादिमों की पहचान को लेकर गुमराह किए जाने और कथित वसूली की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं तो पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठना लाजिमी है।
क्या अब तक किसी ने वास्तविक और फर्जी खादिमों की पहचान के लिए ठोस सत्यापन कराया? क्या जायरीनों से मिली शिकायतों की पड़ताल हुई? क्या दरगाह प्रबंधन ने ऐसे लोगों की कोई अधिकृत सूची सार्वजनिक की? आखिर कब तक आस्था के नाम पर कथित तौर पर अपनी दुकान चलाने वालों की मौज रहेगी और अकीदतमंद अपनी श्रद्धा के नाम पर उनकी खातिरदारी करते रहेंगे?
सवाल वही, जवाब का इंतजार अब भी…..!
दरगाह प्रबंधन, वक्फ बोर्ड और पुलिस प्रशासन के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वास्तविक खादिमों की पहचान तय कर उनकी अधिकृत सूची सार्वजनिक की जाएगी? क्या बाहर जाकर दरगाह के नाम पर खादिम होने का दावा करने वालों का सत्यापन होगा? क्या सोशल मीडिया पर खिदमत के नाम पर जायरीनों को प्रभावित करने वालों की गतिविधियों की जांच होगी? क्योंकि साबिर पाक की दरगाह आस्था का केंद्र है, किसी की निजी जागीर या कमाई का जरिया नहीं।
यहां आने वाला जायरीन श्रद्धा लेकर आता है, किसी की मेहमाननवाजी के पीछे छिपे कथित कारोबार का हिस्सा बनने नहीं। फिलहाल तस्वीर यही सवाल छोड़ रही है—एक तरफ फर्जी खादिमों की कथित ऐश, दूसरी तरफ नतमस्तक अकीदतमंद और तीसरी तरफ जिम्मेदारों की खामोशी। आखिर इस पूरे खेल का हिसाब कौन करेगा? या फिर हींग लगे न फिटकरी वाला यह कथित कारोबार यूं ही चलता रहेगा?



