हरिद्वार

“अर्द्धकुंभ की चकाचौंध के दावों को अंधेरे ने दिखाया “आईना, घुप्प अंधेरे में हुआ रमता पंचों का स्वागत, क्या यही है दिव्य-भव्य कुंभ..?

अच्छे-खासे डिवाइडर तोड़कर नए बनाने और लाइटों पर उठे सवाल, सौंदर्यीकरण पर करोड़ों खर्च, लेकिन बुनियादी इंतजामों का यह हाल, जिम्मेदार कौन.?

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; अर्द्धकुंभ को दिव्य और भव्य बनाने के दावे किए जा रहे हैं। शहर की सजावट और रोशनी पर करोड़ों रुपये खर्च हो रहे हैं, लेकिन मंगलवार को हरिद्वार पहुंची रमता पंचों की जमात का स्वागत घुप अंधेरे में हुआ। चंडीघाट के रास्ते अखाड़ों में प्रवेश करने वाली संतों की जमात के आगमन के दौरान प्रकाश व्यवस्था नदारद रही। सामने आए फोटो और वीडियो में भी अंधेरा साफ नजर आ रहा है। करोड़ों के खर्च और भव्य तैयारियों के दावों के बीच इस तस्वीर ने मेला प्रशासन की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है।सवाल है कि जब अर्द्धकुंभ में रोशनी और सजावट के नाम पर भारी-भरकम बजट खर्च किया जा रहा है तो संतों की जमात के आगमन मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था क्यों नहीं थी? क्या संबंधित विभागों को जमात के आगमन की जानकारी नहीं थी? यदि थी तो समय रहते इंतजाम क्यों नहीं किए गए? आखिर इस चूक की जिम्मेदारी कौन लेगा?सौंदर्यीकरण की होड़, जरूरी व्यवस्थाएं पीछे……
अर्द्धकुंभ की तैयारियों के नाम पर कई स्थानों पर अच्छी हालत वाले डिवाइडर तोड़कर नए बनाए जा रहे हैं। चौराहों का स्वरूप बदला जा रहा है। पहले से लगी सही लाइटें हटाकर नई लगाई जा रही हैं, जबकि कई जगह बदलाव मुख्य रूप से डिजाइन तक सीमित नजर आता है। ऐसे में सवाल है कि क्या विकास का मतलब केवल पुराने निर्माण तोड़कर नया बनाना और बजट खर्च करना रह गया है? यदि पुराने डिवाइडर और लाइटें उपयोगी थीं तो उन्हें बदलने की जरूरत क्या थी?संतों के स्वागत का यह हाल तो श्रद्धालुओं का क्या होगा….?
अर्द्धकुंभ के प्रमुख स्नान पर्वों पर करोड़ों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रकाश व्यवस्था केवल शहर की खूबसूरती नहीं, बल्कि सुरक्षा और सुचारू आवागमन की बुनियादी जरूरत है। जब संतों की जमात के आगमन पर ही रास्ता अंधेरे में रहा तो भीड़ के दबाव वाले स्नान पर्वों पर व्यवस्थाएं कैसी रहेंगी?अर्द्धकुंभ की भव्यता नए चौराहों, डिवाइडरों और आकर्षक लाइटों से नहीं, बल्कि संतों और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं से तय होगी। अब मेला प्रशासन को बताना होगा कि इस अव्यवस्था के लिए जिम्मेदार कौन है? क्या यही है दिव्य और भव्य अर्द्धकुंभ की तैयारी?

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button