“कार्तिक पूर्णिमा पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, घाटों से हाईवे तक मुस्तैद रही पुलिस..
ग्राउंड जीरो पर मातहतों संग उतरे एसपी सिटी दीपक कुमार, व्यवस्थाओं का लिया जायजा; जवानों का बढ़ाया हौसला..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; धर्मनगरी हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि हरकी पैड़ी समेत गंगा के तमाम घाट श्रद्धालुओं से गुलजार हो उठे। हर-हर गंगे के जयघोष और गंगा मैया के जयकारों के बीच लाखों श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पुलिस प्रशासन के सामने भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा की बड़ी चुनौती रही। ऐसे में पुलिस के जवान घाटों से लेकर हाईवे तक मोर्चा संभाले नजर आए और श्रद्धालुओं के स्नान से लेकर उनकी सकुशल वापसी तक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था…..
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा।
उनके निर्देशों के क्रम में सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं पर नजर रखने और ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के निर्देश दिए गए थे। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण स्नान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभाएगी।
मातहतों संग ग्राउंड जीरो पर उतरे एसपी सिटी दीपक कुमार……
इसी क्रम में एसपी सिटी दीपक कुमार ने खुद मोर्चा संभालते हुए मातहत पुलिसकर्मियों के साथ ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रमुख स्नान घाटों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और आवागमन के रास्तों का निरीक्षण किया।
इस दौरान जहां कहीं व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत दिखाई दी, वहां संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी सिटी ने ड्यूटी पर तैनात जवानों से संवाद कर उनका हौसला भी बढ़ाया और पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने को कहा।
घाटों से हाईवे तक पुलिस का पहरा, सकुशल वापसी पर रहा फोकस……
स्नान पर्व के दौरान पुलिस की निगाहें केवल गंगा घाटों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों और हाईवे पर भी पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। भीड़ को नियंत्रित करने,
यातायात को व्यवस्थित रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार सक्रिय रहीं। स्नान के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित ढंग से बाहर निकालने पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि किसी भी स्थान पर अनावश्यक जाम या अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो।
आस्था के सैलाब के बीच पुलिस की अग्निपरीक्षा…..
कार्तिक पूर्णिमा का स्नान पर्व जहां श्रद्धालुओं के लिए पुण्य और आस्था का अवसर बना, वहीं पुलिस प्रशासन के लिए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी परीक्षा रहा।
अधिकारियों की सक्रियता और जवानों की मुस्तैदी के बीच पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर डटे रहे। धर्मनगरी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच पुलिस का यही प्रयास रहा कि हर श्रद्धालु गंगा स्नान की पावन अनुभूति लेकर सुरक्षित अपने गंतव्य की ओर रवाना हो।



