हरिद्वार

“सीसीटीवी की आंखें खुली, जिम्मेदारों की आंखें बंद! फर्जी खादिमों पर कार्रवाई के लिए आखिर किस मुहूर्त इंतेज़ार.?

वायरल वीडियो और शिकायतों के बाद भी कार्रवाई के नाम पर सन्नाटा; क्या पर्दे के पीछे किसी का संरक्षण इस पूरे खेल को दे रहा है ताकत.?

खबर को सुनें

पंच👊नामा
पिरान कलियर; दरगाह में आने वाले जायरीन अपने दिल में अकीदत, आंखों में उम्मीद और हाथों में दुआएं लेकर पहुंचते हैं। कोई मन्नत मांगने आता है तो कोई अपनी परेशानी का हल तलाशने, लेकिन इसी आस्था के दरबार में अगर कुछ लोग खुद को खादिम बताकर जायरीनों को इधर-उधर घुमाने, हाजिरी, चादर, दस्तारबंदी, धागे और नजराने के नाम पर कथित तौर पर रकम वसूलने में जुटे हों तो सवाल उठना लाजिमी है। सवाल सिर्फ उन कथित फर्जी खादिमों पर नहीं, बल्कि उस पूरे निजाम पर भी है जिसकी नाक के नीचे यह खेल चलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।हैरानी की बात यह है कि इस मामले को लेकर पहले भी खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं। वायरल वीडियो सामने आए, कथित वसूली के तौर-तरीकों पर सवाल उठे, पीआरडी जवानों की भूमिका को लेकर चर्चाएं हुईं और जिम्मेदारों तक शिकायतें पहुंचने की बात भी सामने आई। मगर कार्रवाई के मोर्चे पर अब तक कोई ऐसा ठोस और प्रभावी कदम सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आया, जिससे जायरीनों को भरोसा हो सके कि अब दरगाह परिसर में फर्जी खादिमों की मनमानी नहीं चलेगी।कैमरे लगे हैं, कर्मचारी तैनात हैं, फिर भी बेखौफ कौन…?
दरगाह परिसर में सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछा होने की बात कही जाती है। दर्जनों कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी व्यवस्था संभालने के लिए तैनात हैं। पीआरडी जवानों की मौजूदगी भी रहती है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर परिसर में कथित फर्जी खादिम सक्रिय हैं तो निगरानी व्यवस्था आखिर किस काम आ रही है? क्या कैमरों की नजर केवल दीवारों और रास्तों तक सीमित है? क्या कर्मचारियों की जिम्मेदारी सिर्फ अपनी ड्यूटी पूरी दिखाने तक है? या फिर व्यवस्था में कहीं ऐसा छेद है, जहां से कथित वसूली का खेल बिना किसी रोक-टोक के निकल जाता है? कहावत है कि ‘चिराग तले अंधेरा’, लेकिन यहां तो चिराग भी मौजूद है, रोशनी का दावा भी है और पहरेदार भी तैनात हैं। इसके बावजूद अंधेरा कायम है तो फिर रोशनी के इंतजाम पर नहीं, बल्कि उस अंधेरे को बनाए रखने वाली व्यवस्था पर सवाल उठेंगे ही।वायरल वीडियो से लेकर शिकायतों तक, कार्रवाई आखिर कहां अटकी….?
जब किसी मामले में वीडियो सामने आते हैं और शिकायतें जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचती हैं तो सामान्य तौर पर उम्मीद की जाती है कि जांच होगी, संबंधित लोगों की पहचान होगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। लेकिन यहां बार-बार सवाल उठने के बावजूद स्थिति में कोई बड़ा बदलाव दिखाई नहीं देना अपने आप में चिंता का विषय है। क्या वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई गई? क्या कथित फर्जी खादिमों की पहचान के लिए कोई सूची तैयार हुई? क्या जायरीनों को बरगलाकर नजराने के नाम पर रकम लेने वालों के खिलाफ कोई स्थायी व्यवस्था बनाई गई? क्या उन कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों की जिम्मेदारी तय हुई जिनकी ड्यूटी व्यवस्था बनाए रखने की है? इन सवालों के जवाब जनता और जायरीनों को मिलने चाहिए। महज शिकायत दर्ज होने या जांच का भरोसा दिलाने से समस्या का समाधान नहीं होगा।फर्जी खादिमों का नेटवर्क या व्यवस्था की नाकामी…?
सूत्रों और पूर्व में सामने आई शिकायतों के मुताबिक, कुछ लोग खुद को स्थानीय और प्रभावशाली बताकर जायरीनों के बीच अपनी पैठ बनाने की कोशिश करते हैं। फिर हाजिरी, चादर, दस्तारबंदी और अन्य धार्मिक रस्मों के नाम पर उन्हें अपनी ओर आकर्षित करने की शिकायतें सामने आती रही हैं। कथित तौर पर इनके पीछे सहयोगियों का एक नेटवर्क भी सक्रिय होने की बात कही गई है। अगर यह शिकायतें सही हैं तो इसकी तह तक पहुंचना बेहद जरूरी है। आखिर कौन हैं ये लोग? इन्हें दरगाह परिसर में किस आधार पर सक्रिय रहने दिया जा रहा है? क्या इनकी पहचान और अधिकृत खादिमों की सूची सार्वजनिक नहीं की जा सकती? और अगर कोई व्यक्ति जायरीनों से अनधिकृत रूप से रकम मांगता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं होनी चाहिए? आखिर धार्मिक आस्था के नाम पर किसी को भी अपनी दुकान चलाने की खुली छूट कैसे दी जा सकती है?पीआरडी की ड्यूटी, कर्मचारियों की जिम्मेदारी और अधिकारियों की जवाबदेही…!
इस पूरे मामले में पीआरडी जवानों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ चुके हैं। हालांकि किसी की मिलीभगत को बिना जांच प्रमाणित नहीं माना जा सकता, लेकिन यह जरूर तय होना चाहिए कि ड्यूटी पर तैनात जवानों को किन जिम्मेदारियों के तहत लगाया गया है और वे उनका निर्वहन किस तरह कर रहे हैं। दरगाह प्रशासन को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि परिसर में कौन अधिकृत खादिम है, कौन कर्मचारी है और कौन व्यक्ति बिना किसी अधिकार के जायरीनों के बीच सक्रिय है। अगर व्यवस्था इतनी ही मजबूत है तो फिर कथित फर्जी खादिमों की पहचान करने में परेशानी क्या है? और अगर व्यवस्था कमजोर है तो उसे मजबूत करने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?क्या मजबूरी है या फिर कार्रवाई से परहेज की कोई वजह…?
सबसे बड़ा सवाल दरगाह प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर है। आखिर ऐसा क्या कारण है कि लगातार शिकायतों और खबरों के बाद भी फर्जी खादिमों पर रोक लगाने के लिए कोई ठोस, सार्वजनिक और प्रभावी कदम सामने नहीं आया? क्या प्रशासन को किसी बड़े विवाद का इंतजार है? क्या किसी जायरीन के साथ गंभीर घटना होने के बाद ही व्यवस्था जागेगी? या फिर जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को उतना गंभीर मान ही नहीं रहे, जितना इसे जायरीन और आम लोग महसूस कर रहे हैं? प्रबंधक और तहसीलदार जैसे जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारियों से भी इस विषय पर स्पष्ट जवाब और कार्रवाई की अपेक्षा है। आखिर जिम्मेदारी सिर्फ पद संभालने तक सीमित नहीं हो सकती। कुर्सी के साथ जवाबदेही भी आती है।आस्था का दरबार है, वसूली का बाजार नहीं…!
दरगाह की पहचान उसकी रूहानियत, अकीदत और भाईचारे से होती है। यहां आने वाला जायरीन किसी के रहमोकरम पर नहीं, बल्कि अपनी आस्था के भरोसे पहुंचता है। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति खादिम होने का दावा करके उसकी मजबूरी या श्रद्धा का फायदा उठाता है तो यह केवल जायरीन के साथ अन्याय नहीं, बल्कि दरगाह की छवि को भी नुकसान पहुंचाने वाला मामला है। किसी भी अधिकृत खादिम को अपनी पहचान और जिम्मेदारी स्पष्ट करने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन चाहे तो अधिकृत खादिमों की फोटोयुक्त सूची सार्वजनिक कर सकता है, परिसर में पहचान पत्र अनिवार्य कर सकता है, अनधिकृत वसूली पर तत्काल रोक लगा सकता है और शिकायत के लिए हेल्पलाइन या शिकायत केंद्र स्थापित कर सकता है। लेकिन सवाल यह है कि जब ये उपाय इतने सीधे और व्यावहारिक हैं तो फिर इन्हें लागू करने में देरी क्यों?आखिर में दो टूक सवाल…
जायरीन सवाल पूछ रहे हैं कि दरगाह में उनकी सहूलियत के लिए तैनात कर्मचारी किसकी सेवा में व्यस्त हैं? सीसीटीवी कैमरों की निगरानी किस काम आ रही है? पीआरडी जवानों की मौजूदगी का लाभ जायरीनों को क्यों नहीं मिल रहा? और सबसे अहम, कथित फर्जी खादिमों पर कार्रवाई का जिम्मा आखिर किसके पास है? एक शेर मौजूदा हालात पर सटीक बैठता है ‘सवालों की कतार लगी है, जवाबों का पता नहीं, दरबार में सब मौजूद हैं, बस जिम्मेदारी का पता नहीं। ‘अब वक्त आ गया है कि जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ आश्वासन देने के बजाय जमीन पर कार्रवाई करके दिखाएं। अधिकृत खादिमों की पहचान सार्वजनिक हो, कथित वसूली के मामलों की निष्पक्ष जांच हो, सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा हो और दोषी पाए जाने वालों पर बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाए। क्योंकि बात सिर्फ कुछ लोगों की कथित कमाई की नहीं, हजारों जायरीनों की आस्था और दरगाह की साख की है। याद रखिए, आस्था के दरबार में सेवा का सम्मान होता है, सौदेबाजी का नहीं। और जब पहरेदारों की मौजूदगी में ही सवाल उठने लगें तो जवाबदेही तय करना और भी जरूरी हो जाता है।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button