
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; नशे के धंधे पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। नशे के धंधेबाजों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत ज्वालापुर पुलिस ने एक और कार्रवाई करते हुए स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11.02 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में नशे के धंधे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर के पर्यवेक्षण में नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर चन्द्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में थाना स्तर पर पुलिस टीमों का गठन कर नशे के धंधे में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। टीमों को अवैध शराब, स्मैक, चरस, गांजा और नशीली दवाइयों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सक्रिय किया गया।
इसी अभियान के तहत रेल चौकी प्रभारी विपिन कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान लालपुर से आगे नहर पटरी पर पुल जटवाड़ा की ओर जाने वाले रास्ते के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11.02 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से आरोपी सयान उर्फ नोनू पुत्र मोहर्रम, निवासी मोहल्ला सोनिया बस्ती, ज्वालापुर, हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। टीम में कांस्टेबल सुनील शर्मा, कांस्टेबल अर्जुन चौहान और कांस्टेबल रविन्द्र चौहान शामिल रहे।



