अपराधहरिद्वार

“हरिद्वार में नशा तस्करों पर पुलिस का चौतरफा प्रहार, चार तस्कर दबोचे; 25 ग्राम से ज्यादा स्मैक बरामद..

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर रुड़की, लक्सर, रानीपुर और सिडकुल पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई, नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुटी पुलिस..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; युवाओं की नसों में नशे का जहर घोलकर मोटा मुनाफा कमाने वाले तस्करों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने एक बार फिर चौतरफा मोर्चा खोल दिया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से नशे के कारोबार में लिप्त चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से कुल 24.99 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में खलबली मची हुई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में नशे के धंधे पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन और नारकोटिक्स कंट्रोल विजन डॉक्यूमेंट 2026-2029 के तहत पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में ऑपरेशन प्रहार और स्पेशल एक्शन ड्राइव के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय होकर संदिग्धों की धरपकड़ में जुटी हैं।इसी अभियान के तहत कोतवाली रुड़की, लक्सर, रानीपुर और सिडकुल पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग और कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। रुड़की पुलिस ने ढंडेरा फाटक से करीब 200 मीटर आगे सड़क किनारे एक पेड़ के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े रौनक उर्फ गोलू निवासी गोल भट्टा, मिलापनगर, ढंडेरा को दबोचा। पुलिस के मुताबिक आरोपित टीम को देखकर घबरा गया और जैकेट की जेब से कुछ निकालकर फेंकने का प्रयास करने लगा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 8.51 ग्राम स्मैक बरामद हुई। साथ ही दो मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद भी मिले। मामले में सीआईयू टीम का भी विशेष योगदान रहा। पुलिस अब स्मैक के कथित सप्लाई नेटवर्क और सरगना की तलाश में जुटी है।वहीं, लक्सर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान सुल्तानपुर निवासी अकलीम को 4.67 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।उधर, रानीपुर कोतवाली पुलिस ने स्पेशल एक्शन ड्राइव के तहत सिडकुल बाईपास से कृष्ण कुंज जाने वाले रास्ते पर कार्रवाई करते हुए दादूपुर गोविंदपुर निवासी सोनी को 7.22 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह महदूद क्षेत्र में किसी अज्ञात व्यक्ति से स्मैक खरीदकर नशा करने वालों को अधिक मुनाफे पर बेचता था। पुलिस अब स्मैक सप्लाई करने वाले व्यक्ति की जानकारी जुटा रही है।इसी तरह सिडकुल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रोशनाबाद स्थित आरटीओ कार्यालय से आगे तिराहे पर दबिश देकर मुनीर निवासी नगला इमरती, रुड़की, हाल निवासी सलेमपुर को 4.59 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।चारों कार्रवाई में कुल 24.99 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीमें…..
कोतवाली रुड़की: उपनिरीक्षक ध्वजवीर सिंह, कांस्टेबल नरेश जोशी, कांस्टेबल विक्रम और कांस्टेबल प्रदीप डंगवाल।
कोतवाली लक्सर: प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट, उपनिरीक्षक समीप पांडे, कांस्टेबल मनोज शर्मा और होमगार्ड जोनू।
कोतवाली सिडकुल: उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल कुलदीप बगासी और कांस्टेबल मनीष।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button