“सेंट मेरीज स्कूल की गोल्डन जुबली पर भव्य जश्न, आतिशबाजी और रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां..
बच्चों ने नाटक के जरिए मंच पर उतारी स्कूल की 50 साल की जर्नी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखी मिनी भारत की झलक, अभिभावकों ने भी लिया भरपूर आनंद..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; किसी संस्थान के 50 साल पूरे होना सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि हजारों यादों, अनगिनत सफलताओं और कई पीढ़ियों के जुड़ाव की कहानी भी है। हरिद्वार के प्रतिष्ठित सेंट मेरीज स्कूल ज्वालापुर की गोल्डन जुबली पर बुधवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। स्कूल के 50 साल के शानदार सफर को बच्चों ने अपनी एक्टिंग और शानदार परफॉर्मेंस के जरिए मंच पर इस खूबसूरती से उतारा कि पूरा समारोह यादगार बन गया। रंग-बिरंगी रोशनी, शानदार डेकोरेशन, आकर्षक आतिशबाजी और बच्चों की प्रस्तुतियों से सजे इस आयोजन में उत्साह देखते ही बना। खास बात यह रही कि बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए एक मंच पर देश की अलग-अलग संस्कृतियों को उतारकर मिनी भारत की झलक पेश की।
स्कूल की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर आयोजित इस समारोह की थीम ‘कृतज्ञता की स्वर्णांजलि’ रखी गई थी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आर्कबिशप डॉ. फ्रांसिस कॉलिस्ट, विशिष्ट अतिथि भास्कर जेसुराज (बिशप, मेरठ डायसिस), डॉ. प्रियंका शुक्ला (आईएएस एलुमना एवं सीईओ, मेरा भारत अभियान, भारत सरकार), कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और फादर वैलेरियन पिंटो ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय प्रबंधक फादर जॉर्ज कोल्लेरिल ने अतिथियों का स्वागत किया।
नाटक में दिखाई 50 साल की जर्नी, हर प्रस्तुति में दिखी बच्चों की मेहनत…..
समारोह का सबसे खास आकर्षण बच्चों की ओर से प्रस्तुत स्कूल की 50 साल की जर्नी पर आधारित लघु नाटक रहा। इसमें स्कूल की स्थापना से लेकर आज तक के सफर, बदलाव और उपलब्धियों को अलग-अलग दृश्यों के माध्यम से मंच पर पेश किया गया। बच्चों ने जिस आत्मविश्वास और शानदार अभिनय के साथ इस नाटक को प्रस्तुत किया, उसने दर्शकों को स्कूल के इतिहास से जोड़ दिया। इस प्रस्तुति के पीछे बच्चों की मेहनत और शिक्षकों की तैयारी साफ नजर आई।
इसके बाद शुरू हुआ रंगारंग कल्चरल प्रोग्राम। प्रार्थना नृत्य और वेलकम डांस से शुरुआत करते हुए बच्चों ने उत्तराखंड की गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी संस्कृति को मंच पर जीवंत कर दिया। देव डोली की प्रस्तुति ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा। देशभक्ति गीत, अलग-अलग राज्यों के लोकनृत्य, त्योहारों पर आधारित डांस और भांगड़ा की जोशीली प्रस्तुति ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
हर परफॉर्मेंस में बच्चों का कॉन्फिडेंस, तालमेल और डेडिकेशन देखने लायक था। ऐसा लग रहा था जैसे पूरा भारत अपनी सांस्कृतिक विविधता के साथ एक ही मंच पर उतर आया हो। बच्चों ने जिस मेहनत से इन प्रस्तुतियों को तैयार किया था, उसका असर दर्शकों की तालियों और अभिभावकों के उत्साह में साफ दिखाई दिया। शानदार आतिशबाजी ने समारोह के जश्न को और यादगार बना दिया। अभिभावकों ने भी पूरे कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया और बच्चों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।
अतिथियों ने सराहा स्कूल का योगदान, बच्चों को दिया आगे बढ़ने का संदेश…..
मुख्य अतिथि डॉ. फ्रांसिस कॉलिस्ट ने सेंट मेरीज स्कूल को 50 वर्ष पूरे होने पर बधाई और आशीर्वाद दिया। डॉ. प्रियंका शुक्ला ने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने स्कूल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि सेंट मेरीज ने समाज को अनगिनत अधिकारी और चिकित्सक दिए हैं। उन्होंने विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के दौरान स्कूल के पूर्व प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों का विशेष स्वागत किया गया। वहीं, विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम के समापन पर फादर मैनेजर ने स्कूल की शैक्षणिक उपलब्धियों और 50 वर्षों की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्कूल की इस सफलता में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। अंत में स्कूल एंथम के साथ गोल्डन जुबली समारोह का भव्य समापन हुआ।



