हरिद्वार

“चंद्रभान सिंह शहर कोतवाल, अमरजीत सिंह को ज्वालापुर की जिम्मेदारी, भगवान मेहर श्यामपुर और मनोज मेनवाल को मिला मंगलौर, नरेंद्र सिंह की बुग्गावाला छलांग..

पुलिस कप्तान नवनीत सिंह ने आधी रात ताश के पत्तों की तरह फेंट दिया पूरा जिला, 13 इंस्पेक्टर सहित 94 पुलिसकर्मियों के तबादले, एसओजी हरिद्वार नितेश शर्मा, रुड़की रविंद्र कुमार के हवाले..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; पुलिस कप्तान नवनीत सिंह ने आधी रात जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 13 इंस्पेक्टर समेत 94 पुलिसकर्मियों के तबादले कर दिए। एक साथ इतने बड़े स्तर पर हुए फेरबदल से थानों और कोतवालियों की तस्वीर बदल गई है। कई प्रमुख कोतवालियों के प्रभारी बदलने के साथ ही पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उपनिरीक्षकों और अन्य पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में भी व्यापक बदलाव किया गया है।

तबादला सूची के मुताबिक, ज्वालापुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह को कोतवाली नगर (हरिद्वार) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बहादराबाद कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह अब ज्वालापुर कोतवाली संभालेंगे। पुलिस लाइन से कैलाश भट्ट को कनखल, नंद किशोर भट्ट को रुड़की, राजेंद्र खोलिया को कलियर और विनोद गुसाईं को पथरी कोतवाली का प्रभारी बनाया गया है।

वहीं, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ पुलिस कार्यालय में तैनात मनोज मेनवाल को मंगलौर कोतवाली की कमान दी गई है। मंगलौर के प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर को श्यामपुर कोतवाल बनाया गया है। पुलिस लाइन से राकेश शाह को रानीपुर, अनिरुद्ध मैठाणी को सिडकुल, संजय मिश्रा को खानपुर, कुंदन राम आर्य को झबरेड़ा और प्रदीप रावत को बहादराबाद कोतवाली का प्रभारी बनाया गया है।

दारोगाओं के कार्यक्षेत्र में भी बड़ा फेरबदल…..
इंस्पेक्टरों के साथ ही उपनिरीक्षकों के स्तर पर भी बड़े बदलाव किए गए हैं। झबरेड़ा के थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह को बुग्गावाला, बुग्गावाला के थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा को गंगनहर, झबरेड़ा के वाचक मनोज गैरौला को पथरी और सीआईयू रुड़की में तैनात रविंद्र कुमार को रुड़की सीआईयू की जिम्मेदारी दी गई है। श्यामपुर के थानाध्यक्ष नितेश शर्मा को हरिद्वार सीआईयू भेजा गया है।

इसके अलावा कई चौकी प्रभारियों को भी इधर से उधर किया गया है। मंगलौर, लक्सर, भगवानपुर, गंगनहर, सिडकुल, ज्वालापुर, कनखल और रानीपुर समेत विभिन्न कोतवालियों में तैनात दारोगाओं और कर्मचारियों को नई तैनाती दी गई है।

पुलिस लाइन से भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को थानों और कोतवालियों में भेजा गया है। वहीं, कई पुलिसकर्मियों को एक कोतवाली से दूसरी कोतवाली में स्थानांतरित किया गया है। तबादला आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button