
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; देवभूमि को नशे के सौदागरों से मुक्त कराने के लिए उत्तराखण्ड पुलिस ने प्रदेशभर में ऐसा शिकंजा कसा कि दो दिन तक तस्करों के ठिकानों पर पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश पड़ती रही। नशे के कारोबार से जुड़े छोटे-बड़े नेटवर्क को निशाने पर लेते हुए चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैक-7’ में पुलिस ने 76 तस्करों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया, जबकि करीब 1.35 करोड़ रुपये कीमत के मादक पदार्थ और अवैध शराब बरामद की। अभियान की खास बात यह रही कि पुलिस ने सिर्फ तस्करों की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि उनके नेटवर्क, ठिकानों और नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति पर भी प्रहार किया।
एसटीएफ कप्तान अजय सिंह के निर्देश पर उत्तराखण्ड एसटीएफ/एएनटीएफ और जनपदीय पुलिस की टीमें नशा तस्करों के खिलाफ अभियान में जुटीं। पुलिस महानिदेशक के आदेश और अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था के पर्यवेक्षण में 24 और 25 नवंबर को प्रदेशव्यापी स्तर पर यह विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत 181 पुलिस टीमों ने 273 चिह्नित हॉटस्पॉट पर छापेमारी और सघन चेकिंग करते हुए 968 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया। अभियान में एसटीएफ कप्तान के साथ ही संबंधित जनपदों के पुलिस कप्तानों, अपर पुलिस अधीक्षकों और क्षेत्राधिकारियों ने मोर्चा संभाला।
सपेरा बस्ती से रम्पुरा तक पुलिस की दस्तक……
नशे के कारोबार के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों को अभियान के केंद्र में रखा गया। देहरादून की सपेरा बस्ती और बिंदाल पुल, ऋषिकेश के गुमानीवाला, नैनीताल के गूलरभोज और गुल्लरघट्टी, कोटद्वार का कोड़िया बैरियर, टिहरी का मुनि की रेती व ऊधमसिंह नगर के भूरारानी और रम्पुरा में पुलिस ने विशेष चेकिंग और छापेमारी की। इन इलाकों में संदिग्ध ठिकानों को खंगालने के साथ ही नशा तस्करी से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।
हेरोइन, चरस और गांजे का बड़ा जखीरा बरामद……
दो दिवसीय अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 69 मुकदमे दर्ज किए गए और 76 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 450 ग्राम हेरोइन, 4.9 किलोग्राम चरस, 45 किलोग्राम गांजा और 1,510 नशीली टैबलेट व कैप्सूल बरामद किए। इसके अलावा अंग्रेजी शराब की 40 पेटियां भी पकड़ी गईं। बरामद नशीले पदार्थों और शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.35 करोड़ रुपये आंकी गई है।
कमर्शियल क्वांटिटी के मामलों में STF की बड़ी कार्रवाई….
अभियान के दौरान एएनटीएफ/एसटीएफ ने भी नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की। व्यावसायिक मात्रा में मादक पदार्थों से जुड़े दो मामलों में विशेष कार्रवाई करते हुए 4.1 किलोग्राम चरस और 1,282 नशीली टैबलेट व कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के बड़े कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर सीधा प्रहार माना जा रहा है।
सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, तस्करों के पूरे नेटवर्क पर शिकंजा…..
ऑपरेशन ट्रैक-7 में पुलिस ने तस्करों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को और व्यापक रूप दिया। दो आरोपितों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि पांच गैर-जमानती वारंट निष्पादित किए गए। नशा तस्करी में संलिप्त अपराधियों की निगरानी मजबूत करने के लिए 61 नई हिस्ट्रीशीट खोली गईं। वहीं, नशे से जुड़े मामलों में मानस हेल्पलाइन 1933 पर मिली आठ शिकायतों का सत्यापन भी किया गया। पुलिस ने 1.3 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से उगाई जा रही मादक फसल को नष्ट कर तस्करी के स्रोत पर भी चोट की।
सालभर में 1601 तस्कर गिरफ्तार, 62 करोड़ का नशा पकड़ा….
उत्तराखण्ड पुलिस के आंकड़े बताते हैं कि नशे के खिलाफ कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 1,340 मुकदमे दर्ज कर 1,601 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 62 करोड़ रुपये कीमत के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।
नशे की कमाई से खड़ी संपत्ति भी पुलिस के निशाने पर……
नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए भी पुलिस ने कार्रवाई तेज की है। बार-बार नशा तस्करी में संलिप्त पाए गए 16 व्यक्तियों के विरुद्ध पीआईटीएनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं, वित्तीय अन्वेषण के जरिये नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति चिह्नित कर करीब 6.30 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। उत्तराखण्ड पुलिस का साफ संदेश है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क और अवैध कमाई से खड़ी की गई संपत्ति तक पुलिस पहुंचेगी। देवभूमि की युवा पीढ़ी को नशे के जाल से बचाने के लिए ऑपरेशन ट्रैक-7 जैसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



