“संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा : श्रीमहन्त रविन्द्र पुरी
पदमश्री प्रो. बीकेएस संजय बोले- स्वस्थ एवं जागरूक समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार, युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; संविधान दिवस के अवसर पर एसएमजेएन पीजी कॉलेज में नशामुक्त भारत और विकसित भारत के संकल्प को लेकर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें युवाओं को संविधान के आदर्शों, मौलिक कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध कराते हुए नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी और पदमश्री प्रो. बीकेएस संजय ने युवाओं को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
कॉलेज के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, विधिक सहायता प्रकोष्ठ, एंटी ड्रग सेल एवं मेरा युवा भारत, हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी ने की। मुख्य वक्ता के रूप में एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष पदमश्री प्रो. (डॉ.) बीकेएस संजय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान की प्रस्तावना एवं संवैधानिक मूल्यों के स्मरण के साथ हुआ।
अध्यक्षीय संबोधन में श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य का आधार हैं। नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में लगाएं तो विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है। संविधान अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। युवाओं को स्वयं नशामुक्त रहने के साथ परिवार और समाज को भी जागरूक करना चाहिए।
मुख्य वक्ता पदमश्री प्रो. बीकेएस संजय ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ परिवार, सामाजिक जीवन और राष्ट्र की उत्पादकता को भी प्रभावित करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए युवाओं को अपनी प्रतिभा राष्ट्र निर्माण में लगानी होगी। उन्होंने वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने, स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों से बचने और नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने पर जोर दिया। उन्होंने संविधान को लोकतंत्र और सामाजिक समरसता का आधार बताते हुए मौलिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की अपील की। इस दौरान उन्होंने सड़क सुरक्षा पर आधारित अपनी कविता ‘खतरा’ का पाठ कर युवाओं को सुरक्षित एवं संयमित जीवन का संदेश भी दिया।
प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि शिक्षण संस्थानों का दायित्व विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ उनमें नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। मेरा युवा भारत, उत्तराखंड के सहायक निदेशक ब्रजेश कौशिक ने युवाओं से संवैधानिक आदर्शों को आचरण में उतारने का आह्वान किया। छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. संजय माहेश्वरी ने समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और न्याय के मूल्यों को जीवन में अपनाने की बात कही। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. विनय थपलियाल ने नशे के दुष्प्रभावों एवं संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पल्लवी एवं डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने किया। विद्यार्थियों हेमंत अग्रवाल, अंशिका, आदर्श, आरव सहगल, प्रिन्सी राजपूत तथा युवा आइकॉन अथर खान ने भी नशामुक्त विकसित भारत विषय पर विचार रखे। इस अवसर पर मेरा युवा भारत के एपीएस धर्म सिंह रावत, डॉ. नलिनी जैन, डॉ. शिव कुमार चौहान, डॉ. मनोज कुमार सोही, रिचा मिनोचा, रिंकल गोयल, वैभव बत्रा, डॉ. गीता शाह, कविता छाबड़ा, डॉ. आशा शर्मा, डॉ. लता शर्मा, डॉ. मोना शर्मा, डॉ. अनुरिषा, डॉ. विजय शर्मा, विनीत सक्सेना, डॉ. पुनीता शर्मा, डॉ. पद्मावती तनेजा, डॉ. गौरव अग्रवाल, दीपिका आनंद, पंकज भट्ट, अंजलि शर्मा, कालिंदी चौधरी, कार्यालय अधीक्षक मोहन चन्द्र पाण्डेय, निशांत चौहान, रंजीता एवं शुभम तोमर सहित महाविद्यालय के अनेक छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



