“अर्द्धकुंभ-2027 की तैयारियों को मिली रफ्तार, एडीजी एपी अंशुमान ने ऋषिकुल में पुलिस लाइन का किया उद्घाटन..
क्राउड मैनेजमेंट, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश, बोले- हर जवान को अपने ड्यूटी प्वाइंट की होनी चाहिए पूरी जानकारी, (देखें वीडियो)..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: अर्द्धकुंभ-2027 की तैयारियों के बीच शनिवार को एडीजी प्रशासन एपी अंशुमान ने ऋषिकुल में स्थापित अर्द्धकुंभ मेला पुलिस लाइन का विधिवत उद्घाटन किया।
सलामी गार्द लेने के बाद उन्होंने रिबन काटकर और पूजा-अर्चना कर पुलिस लाइन का शुभारंभ किया। इसके बाद पूरी पुलिस लाइन का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एडीजी ने टेंटेज में तैयार बैरकों, अस्थायी जीडी कार्यालय और कैश कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों के रहने की सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को परखा। साथ ही अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने पुलिस जवानों की ब्रीफिंग में एडीजी को अर्द्धकुंभ की तैयारियों और पुलिसकर्मियों की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल के नेतृत्व में चल रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यालय स्तर से मिल रहे सहयोग के लिए आभार जताया।
ब्रीफिंग में एडीजी एपी अंशुमान ने क्राउड मैनेजमेंट, ट्रैफिक चुनौतियों, सुरक्षा संबंधी मुद्दों और फायर सर्विस प्लान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अर्द्धकुंभ एक बड़ा धार्मिक आयोजन है, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में भीड़ नियंत्रण से लेकर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था तक प्रत्येक पहलू महत्वपूर्ण है।
सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने ड्यूटी प्वाइंट और जिम्मेदारियों की पूरी जानकारी रखें। उन्होंने बेहतर समन्वय और टीमवर्क के साथ काम करते हुए अर्द्धकुंभ की व्यवस्थाओं को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने एडीजी का स्वागत किया। एसपी सिटी दीपक सिंह, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।



