“पर्यटन पुलिसिंग को नई पहचान देने पर जोर, अर्पण यदुवंशी के विजन से संवरेगी नैनीताल की कानून व्यवस्था..
पर्यटकों की सुरक्षा से लेकर अपराध नियंत्रण तक बनेगी प्राथमिकता, हाईटेक पुलिसिंग, बेहतर यातायात प्रबंधन और आमजन से संवाद पर रहेगा फोकस..

पंच👊नामा-ब्यूरो
नैनीताल; आईपीएस अर्पण यदुवंशी ने नैनीताल जिले के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। जिले की कमान संभालने के साथ ही उनकी प्राथमिकताओं और पुलिसिंग के विजन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। पर्यटन की दृष्टि से देश-दुनिया में पहचान रखने वाले नैनीताल जिले में पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यटकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने और स्थानीय लोगों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने की भी है। ऐसे में नए पुलिस कप्तान का फोकस ऐसी पुलिसिंग पर रहने की उम्मीद है, जो अपराध नियंत्रण के साथ आमजन की जरूरतों के अनुरूप भी हो।
नैनीताल जिले में पर्यटन गतिविधियों का बड़ा दायरा है। नैनीताल, भीमताल, भवाली, रामनगर और आसपास के पर्यटन स्थलों पर वर्षभर पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। पर्यटन सीजन और वीकेंड पर वाहनों का दबाव बढ़ने के साथ यातायात प्रबंधन पुलिस के लिए महत्वपूर्ण हो जाता है। ऐसे में पर्यटक स्थलों पर व्यवस्थित यातायात, पार्किंग की बेहतर व्यवस्था, पर्यटकों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार और त्वरित पुलिस सहायता उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रह सकती है।
वहीं, हल्द्वानी जिले का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र होने के साथ बड़ी आबादी वाला शहर है। यहां अपराध नियंत्रण, बाजारों में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और पुलिस की प्रभावी गश्त पर विशेष ध्यान देने की जरूरत रहती है। नैनीताल में हाईकोर्ट की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और महत्वपूर्ण गतिविधियों के दौरान बेहतर समन्वय भी पुलिस की कार्ययोजना का हिस्सा रहेगा। महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों पर नियंत्रण, नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान, संगठित अपराध पर कार्रवाई और थानों में फरियादियों की सुनवाई को बेहतर बनाना भी नए कप्तान की प्राथमिकताओं में शामिल हो सकता है। इसके साथ ही तकनीक आधारित पुलिसिंग और पुलिसकर्मियों की जवाबदेही से व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर रहेगा।
पुलिसिंग ऐसी हो, जिसमें जनता को दिखे बदलाव……
अर्पण यदुवंशी का कहना है कि नैनीताल जैसे महत्वपूर्ण जिले में पुलिस की जिम्मेदारी काफी व्यापक है। उनकी प्राथमिकता अपराध नियंत्रण के साथ आमजन और पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पर्यटन स्थलों पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। हल्द्वानी सहित जिले के सभी प्रमुख क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने पर जोर रहेगा। पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति सहयोगात्मक और जवाबदेह होना चाहिए। तकनीक के बेहतर इस्तेमाल के साथ ऐसी पुलिसिंग विकसित करने का प्रयास रहेगा, जिसमें लोगों को सुरक्षा का भरोसा महसूस हो और पुलिस उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सहजता से उपलब्ध रहे।
अर्पण यदुवंशी ने एसडीआरएफ सेनानायक रहते हुए पहाड़ों में होने वाली आपदाओं और हादसों के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के संचालन की सफल व महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। जिसके लिए उन्हें मुख्यमंत्री और डीजीपी के हाथों सम्मानित भी किया गया। इसके अलावा हरिद्वार में कुंभ मेला, कांवड़ यात्रा और प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं में उनका अनुभव रहा। पहाड़ की विषम परिस्थितियों से लेकर लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले आयोजनों तक काम करने का यह अनुभव अब नैनीताल जिले की पुलिसिंग में उपयोगी साबित हो सकता है।



