“48 घंटे का वादा, पुलिस ने उससे पहले ही खोल दिया ब्लाइंड एक्सीडेंट केस, 100 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल ट्रैक्टर तक पहुंची खानपुर पुलिस..
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर गठित की गई थीं तीन पुलिस टीमें, घने कोहरे में चुनौतीपूर्ण बनी थी वाहन की पहचान, 42 वर्षीय संजीव कुमार गिरफ्तार..

पंच👊नामा
रूड़की; घना कोहरा, अंधेरी रात और हादसे के बाद मौके से गायब वाहन… पुलिस के सामने चुनौती बड़ी थी, लेकिन खानपुर पुलिस ने भी ठान लिया था कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाकर ही दम लेगी। जनता से 48 घंटे में खुलासे का वादा किया और पुलिस ने समय सीमा पूरी होने का इंतजार भी नहीं किया। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने न केवल ब्लाइंड एक्सीडेंट केस की गुत्थी सुलझा दी, बल्कि हादसे में शामिल ट्रैक्टर को भी बरामद कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर हरिद्वार पुलिस की कार्यशैली चर्चा में है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर गठित हुईं तीन टीमें……
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मामले की गंभीरता से जांच करते हुए दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक का पता लगाया जाए। पुलिस टीमों ने भी इसे चुनौती के रूप में लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी।
खानपुर पुलिस ने खंगाले 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे……
खानपुर पुलिस की गठित टीमों ने घटनास्थल के आसपास और संभावित मार्गों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। हालांकि, हादसे के वक्त क्षेत्र में अत्यधिक घना कोहरा होने के कारण दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करना आसान नहीं था। कैमरों की फुटेज में वाहन को चिह्नित करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। इसके बावजूद पुलिस टीमों ने लगातार प्रयास जारी रखे और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध वाहन तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
48 घंटे से पहले ही ट्रैक्टर बरामद, आरोपी भी चिह्नित……
पुलिस की मेहनत रंग लाई और अभियोग पंजीकृत होने के 48 घंटे से भी कम समय में दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को चिह्नित कर बरामद कर लिया गया। मामले में पुलिस ने संजीव कुमार (42 वर्ष) पुत्र बुध सिंह निवासी नाईवाला, दल्लावाला कला, कोतवाली खानपुर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार किया है। इस तरह पुलिस ने पीड़ित परिवार को दिए गए आश्वासन को निर्धारित समय से पहले पूरा कर दिखाया।
उपचार के दौरान एम्स में हुई थी घायल की मौत……
जानकारी के मुताबिक, 25 नवंबर की रात थाना खानपुर क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 26 नवंबर को ऋषिकेश स्थित एम्स में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जनता से किया वादा निभाकर पुलिस ने पेश की मिसाल……
इस पूरे घटनाक्रम में खानपुर पुलिस की तीनों टीमों के बीच बेहतर समन्वय, तकनीकी दक्षता और लगातार की गई मेहनत अहम साबित हुई। घने कोहरे के कारण चुनौतीपूर्ण बने मामले का समय से पहले खुलासा कर पुलिस ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि हादसे के जिम्मेदार तक पहुंचने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई ने जनता से किए गए वादे को हकीकत में बदल दिया।



