अपराधहरिद्वार

“भगवानपुर में हिंसक बवाल, गोली लगने से युवक की मौत, लक्सर में लाखों की लूट, एक बदमाश पकड़ा..

रविदास शोभायात्रा के बाद हुआ बवाल, भीड़ ने नहीं उठने दिया शव, आरोपियों के घरों में आगजनी, जिले भर की पुलिस अलर्ट..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: जिले में रविवार को कानून-व्यवस्था की स्थिति उस समय गंभीर हो गई, जब भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिनारसी गांव में रविदास जयंती की शोभायात्रा के बाद हुए बवाल में एक युवक की मौत हो गई। घटना में मृतक के भाई समेत कई लोग घायल हुए हैं। वहीं लक्सर क्षेत्र में आढ़ती के नौकर से ढाई लाख रुपये की नकदी लूट की घटना ने भी पुलिस को अलर्ट मोड पर ला दिया।भगवानपुर के बिनारसी गांव में रविदास जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा के समापन के बाद दो गुटों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते-ही-देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई। दोनों गुट अनुसूचित जाति से जुड़े बताए जा रहे हैं। मारपीट और पथराव के दौरान 27 वर्षीय आनंद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके भाई विकास सहित कुछ अन्य लोग भी इस हिंसा में घायल हुए हैं। आनंद को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश भड़क उठा। आक्रोशित भीड़ ने मृतक के शव को मौके से उठाने नहीं दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हालात को संभालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वरिष्ठ अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद स्थिति पर आंशिक रूप से काबू पाया जा सका।घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घरों में आगजनी भी की, जिससे गांव में तनाव और बढ़ गया। एहतियातन भगवानपुर क्षेत्र में जिले भर से पुलिस फोर्स बुला ली गई है। भारी संख्या में पुलिस बल के साथ पीएसी भी तैनात की गई है। गांव में लगातार गश्त की जा रही है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में है। वहीं, घटना के कुछ घंटों बाद एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। पास के खेत में 50 वर्षीय मांगेराम का शव पड़ा मिला, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। इस घटना के बाद विवाद में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है, जिससे क्षेत्र में तनाव और अधिक गहरा गया है। उधर, लक्सर कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम आढ़ती के नौकर से नकदी लूट की वारदात सामने आई। लक्सर गांव निवासी भूषण कुमार आढ़त का कारोबार करते हैं। उनके यहां काम करने वाला नौकर रवि सुल्तानपुर क्षेत्र से दुकानदारों से पैसे एकत्र कर शाम को लौट रहा था। अकबरपुर ऊद गांव के पास दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसे रोककर मारपीट की और उसके पास मौजूद बैग लूट लिया, जिसमें ढाई लाख रुपये की नकदी थी।रवि के शोर मचाने पर राहगीर मौके पर पहुंचे और भागने की कोशिश कर रहे एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी नकदी लेकर फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!