
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून। जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत क्लेमेनटाउन पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 18 बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज किया है। तेज धमाके जैसी आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने वाले चालकों के खिलाफ की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
देहरादून पुलिस की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर सत्यापन, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में बीते कई दिनों से स्थानीय नागरिकों की शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक अपनी बुलेट मोटरसाइकिलों में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखों जैसी तेज आवाज निकाल रहे हैं। इससे क्षेत्र में शांति भंग हो रही थी और बुजुर्गों, बच्चों व बीमार व्यक्तियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना अध्यक्ष मोहन सिंह ने विशेष पुलिस टीमों का गठन किया और स्वयं अभियान की मॉनिटरिंग की। गठित टीमों ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई। चेकिंग के दौरान 18 बुलेट मोटरसाइकिलें ऐसी पाई गईं, जिनमें नियमों के विरुद्ध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे। सभी वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक शांति भंग करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही युवाओं से अपील की गई है कि वे अपनी मोटरसाइकिलों में अवैध संशोधन न कराएं और यातायात नियमों का पालन करें। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इसी तरह अभियान चलाकर क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखी जाएगी।



