“महिला जेई को धमकी, कनेक्शन जोड़ दो, नहीं तो आपको जोड़ दूंगा, घर में घुसकर इलाज कर दूंगा..
बकाया वसूली के दौरान कनेक्शन काटने पर भड़के ज्वालापुर के सर्राफा कारोबारी के बिगड़े बोल, कार्रवाई की तैयारी में जुटी पुलिस, जल बकाया वसूली के दौरान महिला जेई को फोन पर धमकी, दफ्तर में हंगामा; व्यापारी पर केस की तैयारी..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: वसूली अभियान के दौरान जल संस्थान की एक महिला कनिष्ठ अभियंता (जेई) को फोन पर धमकाने और दफ्तर में अभद्रता करने का मामला सामने आया है। कनेक्शन काटने पर ज्वालापुर का एक सर्राफा कारोबारी आपा को बैठा और उसने फोन पर ही महिला जेई से अभद्रता करते हुए धमकी दे डाली।
कारोबारी ने फोन पर कहा कि कनेक्शन जोड़ दो, नहीं तो आपको जोड़ दूंगा और घर में घुसकर इलाज कर दूंगा। यह धमकी मोबाइल की कॉल रिकॉर्डिंग में भी सुरक्षित है और पुलिस को तहरीर दी गई है। अब पुलिस व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है। एक महिला अधिकारी से इस तरह के व्यवहार की अपेक्षा कम से कम किसी सम्मानित व्यापारी से तो नहीं की जा सकती है।
————————————–
पुलिस के मुताबिक, जोन-तृतीय रामनगर-ज्वालापुर में तैनात महिला जेई के अनुसार, बड़े बकायेदारों से वसूली अभियान के तहत टिबड़ी संजय नगर में जल कनेक्शन पर करीब 22,135 रुपये बकाया था। भुगतान के लिए संपर्क करने पर उनके पुत्र ने कार्यालय में चेक के जरिए राशि जमा करने की बात कही, लेकिन तय समय तक भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद महिला जेई ने फोन पर संपर्क किया तो आरोप है कि आरोपी सर्राफा कारोबारी ने ऑन-ड्यूटी अधिकारी से अभद्र भाषा का प्रयोग किया। महिला जेई ने कॉल रिकॉर्डिंग के साथ पुलिस को तहरीर दी है।
बकाया राशि जमा न होने पर विभागीय कार्रवाई करते हुए जल संयोजन काट दिया गया। आरोप है कि इसके बाद कारोबारी ने दोबारा फोन कर महिला जेई को मारने की धमकी दी और अपशब्द कहे। बाद में वह जल संस्थान के कार्यालय पहुंचा, जहां भी उसने हंगामा करते हुए धमकी दी। महिला जेई ने तहरीर में बताया कि इन घटनाओं के बाद उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा महसूस हो रहा है।
उन्होंने साक्ष्य के रूप में कॉल रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराते हुए राज वर्मा के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, धमकी देने और अभद्रता करने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। घटना को लेकर जल संस्थान के अन्य कर्मचारियों ने भी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि इस मामले में तहरीर आयी है और जांच की जा रही है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।



