
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” अब पूरी रफ्तार में नजर आ रहा है। थाना पथरी क्षेत्र में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एक स्मैक तस्कर और एक अवैध तमंचा रखने वाले आरोपी को दबोच लिया। लगातार हो रही इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना पथरी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना पथरी प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान आनंद कुमार निवासी ग्राम गोविंदपुर को अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया, जिसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं, दूसरे मामले में एहद खान निवासी ग्राम धनपुरा को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 09.80 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के साथ उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक नवीन चौहान, अपर उपनिरीक्षक किशन स्वरूप, कांस्टेबल जयपाल चौहान, कांस्टेबल दौलतराम, कांस्टेबल नारायण सिंह एवं कांस्टेबल राकेश नेगी शामिल रहे।



