
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: चारधाम यात्रा के बीच सड़कों पर नियम तोड़कर रौब दिखाना तीन युवकों को भारी पड़ गया। काली फिल्म चढ़ी और अवैध हूटर से लैस लाल रंग की स्विफ्ट कार में घूम रहे युवकों को श्यामपुर पुलिस ने धर दबोचा। कार्रवाई के दौरान न सिर्फ मौके पर ही काली फिल्म उतरवाई गई, बल्कि हूटर भी हटाकर वाहन को जब्त कर लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। चारधाम यात्रा और कानून-व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात नियमों के उल्लंघन पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।
इसी क्रम में थाना श्यामपुर प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लाहड़पुर चेकपोस्ट चौकी पर चेकिंग के दौरान लाल रंग की स्विफ्ट कार (DL2CBB3257) को रोका। जांच में पाया गया कि कार के शीशों पर काली फिल्म लगी थी और उसमें अवैध हूटर का प्रयोग किया जा रहा था।
वाहन में सवार तीन युवक—विनीत पुत्र आनंद त्यागी निवासी बनेड़ा खुर्द गाजियाबाद (23 वर्ष), पियूष त्यागी पुत्र महेश चंद त्यागी निवासी राहिद्रा मेरठ (22 वर्ष) और शिवम त्यागी पुत्र कुलदीप त्यागी निवासी रेंद्र मेरठ (28 वर्ष)—नियमों का उल्लंघन करते पाए गए।
पुलिस ने मौके पर ही काली फिल्म और हूटर हटवाकर वाहन को जब्त कर लिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



