“हिंदी पत्रकारिता दिवस पर प्रेस क्लब महानगर रुड़की में हुआ आयोजन, पत्रकारों का किया सम्मान..
कार्यक्रम में वक्ताओं ने पत्रकारिता की चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर रखे विचार..

पंच👊नामा
रुड़की: हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब महानगर रुड़की (रजि.) के कार्यालय पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिंदी पत्रकारिता के प्रवर्तक युगल किशोर शुक्ल व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं निर्भीक पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए समाज निर्माण में पत्रकारों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे वरिष्ठ किसान नेता सुभाष नम्बरदार ने क्लब से जुड़े पत्रकारों को शॉल ओढ़ाकर व माला पहनाकर सम्मानित किया और हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता ही लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का माध्यम है।
प्रेस क्लब महानगर रुड़की के अध्यक्ष प्रिंस शर्मा व महामंत्री मोनू शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने बीते दो शताब्दियों में समाज को जागरूक करने, जनभावनाओं को स्वर देने और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को बदलते दौर में भी अपनी निष्पक्षता, विश्वसनीयता और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करना चाहिए।
क्लब के निदेशक चौधरी अनवर राणा व देशराज पाल ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस का आयोजन और अधिक भव्य एवं दिव्य स्वरूप में किया जाना चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि आगामी वर्ष प्रेस क्लब महानगर रुड़की की ओर से हिंदी पत्रकारिता दिवस को और व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा, जिसमें पत्रकारिता जगत की विशिष्ट हस्तियों को आमंत्रित कर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अरशद हुसैन व असलम अंसारी ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सत्य, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने युवा पत्रकारों से पत्रकारिता की मूल भावना को समझते हुए अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी बनाए रखने का आह्वान किया।
निदेशक प्रवेज आलम और संदीप चौधरी ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होना देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आने वाली पीढ़ियों को इस समृद्ध विरासत से परिचित कराना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम का संचालन क्लब के उपाध्यक्ष आरिफ नियाजी ने किया। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस हमें अपने गौरवशाली इतिहास को याद करने और पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों के प्रति पुनः संकल्पित होने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
इसी दौरान इस वर्ष हमारे बीच नहीं रहे पत्रकार साथियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वरिष्ठ पत्रकार राव शाहनवाज खान एवं युवा पत्रकार सूरज वर्मा को याद करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर नरेंद्र कुमार, संदीप कश्यप, श्याम सुंदर, दीक्षा गुप्ता, विशाल शर्मा, दिलशाद खान सहित प्रेस क्लब के अनेक सदस्य व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



