पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध हवाला और ट्रांजेक्शन नेटवर्क मामले में सोनम की गिरफ्तारी के बाद अब उसकी सहेली पूजा जांच एजेंसियों के निशाने पर आ गई है। पुलिस और जांच एजेंसियां पूजा की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन वह अभी तक फरार बताई जा रही है।
मामले में जम्मू-कश्मीर एसटीएफ ने हरिद्वार पुलिस की मदद से पिरान कलियर थाना क्षेत्र के आसफनगर कोटा मुरादनगर गांव से सोनम को हिरासत में लिया था। पूछताछ और बैंक लेनदेन की जांच के बाद अब एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई हैं।
पूजा ने कराया था नेटवर्क से संपर्क……
सूत्रों के अनुसार सोनम को इस नेटवर्क से जोड़ने में पूजा की अहम भूमिका सामने आई है। बताया जा रहा है कि पूजा ने ही व्हाट्सएप कॉल के जरिए सोनम की बातचीत उमर, आदिल और हजीब नाम के लोगों से कराई थी। इसके बाद सोनम धीरे-धीरे संदिग्ध ट्रांजेक्शन नेटवर्क का हिस्सा बन गई।
2019 से संपर्क में होने की आशंका……
जांच एजेंसियों को शक है कि पूजा का संपर्क इस नेटवर्क से वर्ष 2019 से था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से बैंक खातों और पैसों के लेनदेन से जुड़े लोगों के संपर्क में थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसकी भूमिका केवल संपर्क कराने तक सीमित थी या वह खुद भी पूरे ट्रांजेक्शन नेटवर्क का हिस्सा थी।
घर से फरार, पुलिस कर रही तलाश…..
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सोनम की गिरफ्तारी के बाद से ही पूजा घर से गायब है। पुलिस ने कई बार उसके घर संदेश भिजवाकर चौकी में पेश होने को कहा, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। सूत्रों के अनुसार पूजा के पिता ट्रक चालक हैं, जबकि उसके दो भाइयों के पास पासपोर्ट भी हैं। जांच एजेंसियां अब उसके मोबाइल नंबर, बैंक खातों और कॉल डिटेल की जांच कर रही हैं।
सोनम से पूछताछ में मिले कई सुराग……
जांच एजेंसियों के मुताबिक शुरुआती जांच में सोनम के 15 से अधिक बैंक खातों से करीब 20 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि इन खातों से रकम जम्मू-कश्मीर और पंजाब के विभिन्न खातों में ट्रांसफर की जाती थी। बताया जा रहा है कि ट्रांजेक्शन के बदले सोनम को कमीशन मिलता था और इस पूरे नेटवर्क में पूजा की भूमिका अहम कड़ी के तौर पर सामने आई है। इसी वजह से एजेंसियां अब पूजा तक पहुंचने को जांच का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा मान रही हैं।
हवाला और विदेशी कनेक्शन की जांच……
जांच एजेंसियों को आशंका है कि हवाला के जरिए विदेश से आने वाली रकम का इस्तेमाल देश विरोधी और आतंकी गतिविधियों में किया जा सकता था। इसी कारण जम्मू-कश्मीर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हैं।



