
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: उत्तरी हरिद्वार में सप्तऋषि क्षेत्र स्थित चित्रकूट घाट धाम में गंगा स्नान के दौरान दिल्ली के एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने पिता, भाई और चाचा के साथ हरिद्वार घूमने आया था। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, जल पुलिस और चेतक पुलिस मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को गंगा से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार रजत वंशी (19) पुत्र अमित वंशी निवासी मकान नंबर-285, बुधा मार्ग, थाना मंडावली, पूर्वी दिल्ली गुरुवार सुबह अपने परिजनों के साथ हरिद्वार पहुंचा था। सुबह करीब नौ बजे वह चित्रकूट घाट धाम और अग्रसेन घाट क्षेत्र में गंगा स्नान कर रहा था। बताया गया कि सुबह करीब दस बजे स्नान के दौरान अचानक उसका पैर गहरे पानी की ओर चला गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा। परिजन और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवक पानी में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही 15वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। टीम पहले से घाट ड्यूटी पर तैनात थी। एनडीआरएफ जवानों ने दो नाव, ओबीएम और डीप डाइवर सेट की मदद से सर्च अभियान शुरू किया। जल पुलिस और स्थानीय पुलिसकर्मियों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। करीब 11:35 बजे युवक को नदी से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि युवक स्नान करते समय गहरे पानी में चला गया था। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पंचायतनामा भरने के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घाट पर मौजूद श्रद्धालु भी घटना से स्तब्ध नजर आए। पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गंगा में स्नान के दौरान सतर्क रहने और गहरे पानी में न जाने की अपील की है।



