
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: रोडीबेलवाला क्षेत्र में एक युवक के हाथ बांधकर मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही पार्किंग संचालक का कर्मचारियों का सत्यापन नहीं कराने पर पुलिस एक्ट में चालान भी किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस लगातार क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें कुछ लोग एक युवक के हाथ बांधकर उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे थे।
वीडियो का संज्ञान लेते हुए नगर कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और मारपीट में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में एक टीम ने जांच की तो सामने आया कि दोनों आरोपित पिछले कुछ महीनों से रोडीबेलवाला क्षेत्र की एक पार्किंग में काम कर रहे थे।
पार्किंग संचालक ने उनका पुलिस सत्यापन नहीं कराया था। इस लापरवाही पर पुलिस ने पार्किंग मालिक का भी पुलिस एक्ट के तहत चालान किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नूतन (32) पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी ग्राम बिलाई, थाना हलदौर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) व रोबिन (18) पुत्र संजय कुमार निवासी ग्राम मुंडलाना, थाना मंगलौर, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संदीप वर्मा, कांस्टेबल प्रकाश और कांस्टेबल लखन सिंह शामिल रहे। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।



