अपराधहरिद्वार

“मां की गोद सूनी कर ले गया कौन.? पिरान कलियर दरगाह से 7 माह का मासूम गायब..

दरगाह मस्जिद के आंगन से रहस्यमय ढंग से लापता हुआ मासूम, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी..

खबर को सुनें

पंच👊नामा
पिरान कलियर: विश्व प्रसिद्ध दरगाह पिरान कलियर से रविवार शाम सात माह के मासूम बच्चे के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चे की तलाश तेज कर दी है।जानकारी के अनुसार, पीड़िता रजिया खातून रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अपने सात माह के बेटे मोहम्मद अली के साथ दरगाह परिसर में मौजूद थीं। बताया गया कि बच्चा दरगाह मस्जिद के आंगन में परिवार के एक परिचित के पास लेटा हुआ था। इसी दौरान परिचित को झपकी लग गई और इसी बीच कोई अज्ञात व्यक्ति मासूम को उठाकर फरार हो गया।कुछ देर बाद जब परिचित की आंख खुली तो बच्चा वहां मौजूद नहीं था। काफी तलाश के बावजूद मासूम का कोई सुराग नहीं लगने पर परिजनों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उन्होंने पुलिस से बच्चे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दरगाह परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही नाकेबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मासूम की बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।विश्व प्रसिद्ध दरगाह पिरान कलियर जैसे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थल से दिनदहाड़े सात माह के बच्चे के गायब होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद जायरीनों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!