अपराधहरिद्वार

‘पिल्ला गैंग’ पर पुलिस का लगातार कसता शिकंजा, ऑपरेशन प्रहार में एक और शूटर तमंचे समेत गिरफ्तार..

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर कनखल पुलिस का एक्शन, कांवड़िये पर चलाई थी गोली, अब तक 7 गिरफ्तार..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: कांवड़िये पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले कुख्यात ‘पिल्ला गैंग’ पर हरिद्वार पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए कनखल पुलिस ने गैंग के एक और सक्रिय सदस्य और फायरिंग करने वाले आरोपी को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक सात आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कनखल क्षेत्र में विशेष पुलिस टीमें गठित कर जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।इंस्पेक्टर कनखल देवेंद्र सिंह रावत के मुताबिक एक जून को गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों के साथ हुई कहासुनी के दौरान कुछ युवकों ने फायरिंग, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी थी, जिसमें एक कांवड़िया घायल हो गया था। इस संबंध में थाना कनखल में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।जांच के दौरान पुलिस ने “पिल्ला गैंग” के एक और सदस्य व घटना में फायरिंग करने वाले आरोपी सत्यम जाट पुत्र जबर सिंह निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, थाना कनखल, हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है। कनखल पुलिस का कहना है कि “पिल्ला गैंग” के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का संकल्प है कि इस गैंग का पूरी तरह सफाया किया जाए। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक महिपाल सिंह सैनी, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, कांस्टेबल संजू सैनी और कांस्टेबल उमेद सिंह शामिल रहे, जिन्होंने कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!