“मुस्लिम बहुल इलाके में राव काले खां ने दिखाया सियासी दम, भाजपा की जनसभा में उमड़ा जनसैलाब; कुँवर बासित अली भी हुए गदगद.!
बढ़ेड़ी राजपूतान में उमड़ी भीड़ ने खींचा सियासी ध्यान, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस को घेरा; शादाब शम्स ने कलियर से मुस्लिम प्रत्याशी को टिकट दिलाने का किया दावा..

पंच👊नामा
रुड़की; उत्तराखंड स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुँवर बासित अली के पहले उत्तराखंड दौरे के बहाने बढ़ेड़ी राजपूतान में सजी भाजपा की जनसभा ने कलियर विधानसभा की सियासत में नई बहस छेड़ दी। मंच पर भाजपा की ताकत का प्रदर्शन था तो बयानों में आने वाले विधानसभा चुनाव की आहट भी साफ सुनाई दी।
खास बात यह रही कि मुस्लिम समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी और कलियर विधानसभा से टिकट की दावेदारी का मुद्दा खुलकर सामने आया। वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स के बयान ने इस सियासी हलचल को और तेज कर दिया। ऐसे में यह जनसभा केवल स्वागत समारोह तक सीमित नहीं रही, बल्कि कलियर में भाजपा की भावी रणनीति और संभावित उम्मीदवारों को लेकर नए संकेत भी दे गई।
कांग्रेस ने मुस्लिमों को वोट बैंक बनाया, भाजपा ने दिया सम्मान : कुँवर बासित अली…..
जनसभा के मुख्य अतिथि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुँवर बासित अली ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक मुस्लिम समाज को केवल वोट बैंक समझकर इस्तेमाल किया। चुनाव के समय मुस्लिम समाज को याद किया गया, लेकिन उसे राजनीतिक हिस्सेदारी और विकास में उचित भागीदारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति बांटो और राज करो की नीति पर आधारित रही है। मुस्लिम समाज को भाजपा का डर दिखाकर वोट हासिल करने का काम किया गया, लेकिन अब समाज जागरूक हो चुका है और वह केवल नारों और वादों से बहकने वाला नहीं है।
कुँवर बासित अली ने कहा कि मुस्लिम समाज अल्लाह से डरने वाली कौम है, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा इस समाज के मन में भाजपा का डर पैदा कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में मुस्लिम युवाओं को रोजगार और तरक्की के पर्याप्त अवसर नहीं मिले। आज तस्वीर बदल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बिना किसी धार्मिक भेदभाव के योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंचा रही है।
उन्होंने तीन तलाक कानून, हज सुविधाओं और मुस्लिम महिलाओं के हित में उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं को प्राथमिकता दी है। उनके मुताबिक, मुस्लिम समाज की आबादी के अनुपात से कहीं अधिक योजनाओं का लाभ पहुंचा है और सरकार का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं और विपक्ष के भ्रम को तथ्यों के साथ जवाब दें।
कलियर में इस बार मुस्लिम को टिकट दिलाएंगे, हिस्सेदारी पर समझौता नहीं : शादाब शम्स…..
जनसभा में सबसे ज्यादा राजनीतिक चर्चा उस समय शुरू हुई, जब वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स ने मंच से राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी को संबोधित करते हुए कलियर विधानसभा में राजनीतिक हिस्सेदारी का मुद्दा उठा दिया। उन्होंने सैनी समाज की राजनीतिक भूमिका और विधानसभा में दावेदारी का जिक्र करते हुए संकेत दिया कि मुस्लिम समाज अब केवल चुनावी समर्थन देने तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि राजनीतिक नेतृत्व में भी अपनी भागीदारी चाहता है।
शादाब शम्स ने मीडिया से बातचीत में दो टूक कहा कि इस बार कलियर विधानसभा से मुस्लिम समाज के व्यक्ति को टिकट दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कलियर विधानसभा में पिछले 15 वर्षों के राजनीतिक कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने है। क्षेत्र की बदहाली, विकास कार्यों की स्थिति और जनता की समस्याएं किसी से छिपी नहीं हैं। सवाल यह है कि इतने लंबे समय तक प्रतिनिधित्व मिलने के बावजूद कलियर की तस्वीर क्यों नहीं बदल पाई?
शादाब शम्स के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के भीतर टिकट की दावेदारी के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने साफ संदेश देने की कोशिश की कि मुस्लिम समाज की राजनीतिक ताकत को अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उनका कहना था कि समाज की भागीदारी केवल जनसभाओं में भीड़ जुटाने और चुनाव के समय वोट देने तक नहीं होनी चाहिए,
बल्कि उसे नेतृत्व और प्रतिनिधित्व में भी उचित स्थान मिलना चाहिए। उनके बयान ने कलियर विधानसभा में भाजपा के संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाओं को नया आधार दे दिया। अब देखना होगा कि मंच से उठी यह मांग पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक किस रूप में पहुंचती है और चुनाव के समय भाजपा इस राजनीतिक समीकरण को कितनी अहमियत देती है।
कलियर में भाजपा को मजबूत करना ही लक्ष्य, लगातार जारी रहेगा अभियान : राव काले खां…..
कार्यक्रम के संयोजक व पूर्व वक्फ बोर्ड चेयरमैन राव काले खां ने जनसभा में उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं के उत्साह को भाजपा के प्रति बढ़ते जनसमर्थन का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि बढ़ेड़ी राजपूतान की धरती पर जिस तरह भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम लोगों ने एकजुट होकर राष्ट्रीय अध्यक्ष कुँवर बासित अली का स्वागत किया है,
उससे साफ है कि कलियर विधानसभा में बदलाव की राजनीतिक जमीन तैयार हो रही है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी एक कार्यक्रम का आयोजन कर राजनीतिक सुर्खियां बटोरना नहीं, बल्कि क्षेत्र में भाजपा के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। इसके लिए लगातार समाज के बीच जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
राव काले खां ने कहा कि कलियर विधानसभा में लंबे समय से विकास और जनसमस्याओं को लेकर जनता के मन में सवाल हैं। जनता अब केवल चुनावी वादे नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहती है। भाजपा के कार्यकर्ता एकजुट होकर क्षेत्र में पार्टी की नीतियों और सरकार के कार्यों को लेकर लोगों के बीच जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड दौरा और इस दौरान मिली कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया संगठन को नई ऊर्जा देने वाली है। आने वाले समय में क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को और तेज किया जाएगा। उनका कहना था कि भाजपा को मजबूत बनाने के लिए उनका अभियान निरंतर जारी रहेगा और आगामी चुनाव में पार्टी की जीत के लिए पूरी ताकत लगाई जाएगी।
महिलाओं और कार्यकर्ताओं की ताकत से कलियर में खिलेगा कमल : ब्लॉक प्रमुख लुबना राव….
ब्लॉक प्रमुख लुबना राव ने जनसभा को संबोधित करते हुए महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और संगठन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के नए अवसर मिले हैं। आज महिलाएं केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक बदलाव की मजबूत भागीदार बन रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी देने का काम किया है। इसका असर गांवों से लेकर राजनीतिक मंचों तक दिखाई दे रहा है।
लुबना राव ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि किसी भी चुनाव में जीत केवल बड़े नेताओं के भाषणों से नहीं, बल्कि जमीन पर मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं की एकजुटता से मिलती है। कलियर विधानसभा में भाजपा के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है और कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और सरकार के विकास कार्यों को लेकर कार्यकर्ता घर-घर तक पहुंचें। महिलाओं को संगठन से जोड़ने और समाज के हर वर्ग तक भाजपा की बात पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने भरोसा जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से आगामी विधानसभा चुनाव में कलियर में भाजपा का परचम लहराएगा।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने बढ़ाया सियासी जमावड़े का वजन….
कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुँवर बासित अली मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अनीश गौड़, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, शोभाराम प्रजापति, राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स, ब्लॉक प्रमुख लुबना राव,
कार्यक्रम संयोजक राव काले खां, पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल, राव अज़मत, राव नजाकत, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राव इनाम, राव अमरीन, शबाना, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इंतजार अली, उस्मान और रहीश सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।बहरहाल, बढ़ेड़ी राजपूतान की इस जनसभा में राव काले खां ने अपना शक्ति प्रदर्शन कर विरोधी खेमो में हलचल पैदा कर दी है।



