
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; शहर में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहकर कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बने शातिर अपराधियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में कोतवाली नगर पुलिस ने एक आदतन अपराधी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे मुनादी कराकर जिला बदर कर दिया। पुलिस ने न्यायालय के आदेश का पालन कराते हुए आरोपित को हरिद्वार की सीमा से बाहर कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त और समाज विरोधी आचरण करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत गुंडा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत चिह्नित अपराधियों के मामलों में प्रभावी पैरवी कर जिला बदर की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस ने नई बस्ती ऋषिकुल निवासी मोहनराम (39) पुत्र रामप्रसाद के विरुद्ध की गई कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस की ओर से उसके खिलाफ गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय हरिद्वार में ठोस पैरवी की गई थी। मामले में सुनवाई के बाद जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय ने मोहनराम को जिला बदर करने के आदेश पारित किए।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस टीम ने मंगलवार को नियमानुसार मुनादी कराई और आदेश की तामील कराते हुए मोहनराम को जनपद हरिद्वार की सीमाओं से बाहर कर दिया।
इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने और समाज विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने वाले व्यक्तियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



